नई टिहरी: डायट की वार्षिक कार्ययोजना पर मंथन, शिक्षक प्रशिक्षण को प्रभावी बनाने के निर्देश

सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने प्रशिक्षण कार्यक्रमों की गुणवत्ता, निगरानी और परिणामों का विस्तृत मूल्यांकन करने के दिए निर्देश
नई टिहरी, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) नई टिहरी की कार्यक्रम परामर्शी समिति की बैठक मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित हुई।
बैठक में डायट की वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों की समीक्षा के साथ वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जानकारी दी गई कि वर्ष 2025-26 के दौरान डायट द्वारा विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों के तहत बड़ी संख्या में शिक्षकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को प्रशिक्षित किया गया। आधारभूत साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (एफएलएन) कार्यक्रम में 1,161 शिक्षक, कौशलम प्रशिक्षण में 912 शिक्षक, आनंदम कार्यक्रम में 247 शिक्षक, अबेकस कार्यक्रम में 82 शिक्षक तथा एसएमसी प्रशिक्षण के अंतर्गत 150 सदस्यों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इसके अलावा 212 आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को भी प्रशिक्षण दिया गया।
मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने निर्देश दिए कि शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी और परिणामोन्मुख बनाया जाए। उन्होंने कहा कि सभी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विस्तृत कार्ययोजना समय से तैयार कर वरिष्ठ अधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए, ताकि प्रशिक्षण की गुणवत्ता का प्रत्यक्ष मूल्यांकन किया जा सके।
सीडीओ ने विशेष रूप से उन विद्यालयों के शिक्षकों को प्रशिक्षण में प्राथमिकता देने के निर्देश दिए, जहां परीक्षा परिणाम अपेक्षाकृत कमजोर रहे हैं। उनका कहना था कि प्रशिक्षण का वास्तविक लाभ विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों में दिखाई देना चाहिए।
उन्होंने डायट अधिकारियों से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके शिक्षकों की सूची उपलब्ध कराने तथा प्रशिक्षण के बाद विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता और परीक्षा परिणामों में आए बदलाव का आकलन प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही प्रशिक्षण कार्यक्रमों की निगरानी व्यवस्था, मूल्यांकन प्रणाली और उपलब्धियों का विस्तृत विवरण तैयार करने के निर्देश भी दिए।
बैठक के दौरान डायट प्रशासन ने संस्थान की विभिन्न आवश्यकताओं से जुड़े प्रस्ताव भी रखे। इनमें दैनिक मजदूरी के आधार पर सफाई कर्मी की नियुक्ति तथा छात्र-छात्राओं के लिए एक्सपोजर विजिट आयोजित करने हेतु बजट उपलब्ध कराने की मांग प्रमुख रही।
बैठक में प्राचार्य डायट सुमेर सिंह कैन्तुरा, प्रवक्ता देवेंद्र भंडारी, नरेंद्र कुमाईं, डॉ. वीर सिंह, राजेंद्र प्रसाद बडोनी, बीआरपी चंबा विकास महर, सीआरपी पांगरखाल आंचल सेमवाल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी दिनेश चंद रमोला, डॉ. अजय कुमार चौरसिया, अभिषेक शुक्ला सहित मुख्य शिक्षा अधिकारी कमला और कार्यक्रम परामर्शी समिति के सदस्य वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।



