Main Slideन्यूज़ निबंध

अगस्त में रिलायंस जियो का दबदबा बरकरार, 24 लाख नए ग्राहकों के साथ बनी नंबर वन टेलीकॉम कंपनी

भारतीय दूरसंचार क्षेत्र में अगस्त महीने के दौरान रिलायंस जियो ने सबसे ज्यादा मोबाइल ग्राहक जोड़ने में सफलता हासिल की है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) द्वारा जारी नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, जियो ने एक महीने में करीब 24 लाख नए वायरलेस मोबाइल ग्राहक अपने नेटवर्क से जोड़े हैं। ग्राहक जोड़ने के इस मामले में भारती एयरटेल 21 लाख नए उपयोगकर्ताओं के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि वोडाफोन आइडिया ने करीब 5.1 लाख और बीएसएनएल ने लगभग 4.9 लाख ग्राहक जोड़े।

ट्राई के आंकड़ों के मुताबिक अगस्त में देश का कुल वायरलेस मोबाइल ग्राहक आधार लगभग 55 लाख बढ़कर 1.29 अरब के स्तर पर पहुंच गया। इस दौरान जहां बड़ी कंपनियों के ग्राहकों में इजाफा हुआ, वहीं रिलायंस कम्युनिकेशंस के 87 ग्राहक घटे और एमटीएनएल को करीब 5,900 ग्राहकों का नुकसान उठाना पड़ा। भारत का कुल टेलीफोन ग्राहक आधार 64.2 लाख की बढ़ोतरी के साथ 1.36 अरब हो गया, जिससे देश की कुल टेली-डेंसिटी बढ़कर 95.07 प्रतिशत पहुंच गई है।

ब्रॉडबैंड बाजार में भी लगातार तेजी दर्ज की जा रही है। कुल ब्रॉडबैंड ग्राहक संख्या जुलाई के 1.09 अरब से बढ़कर अगस्त में 1.10 अरब हो गई, जो कि 0.61 प्रतिशत की मासिक वृद्धि को दर्शाती है। ब्रॉडबैंड क्षेत्र में भी जियो 53.803 करोड़ ग्राहकों के साथ शीर्ष पर काबिज है। एयरटेल 38.639 करोड़, वोडाफोन आइडिया 13.088 करोड़ और बीएसएनएल 2.782 करोड़ ग्राहकों के साथ क्रमशः दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर हैं। देश के शीर्ष पांच ब्रॉडबैंड सेवा प्रदाताओं का इस बाजार में कुल 98.58 प्रतिशत कब्जा है।

फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस (एफडब्ल्यूए) और फिक्स्ड-वायर्ड ब्रॉडबैंड सेगमेंट में भी जियो का दबदबा कायम है। जियो ने अगस्त में 5जी एफडब्ल्यूए के 1,48,870 नए ग्राहक जोड़े, जिससे उसका यह ग्राहक आधार बढ़कर 94.2 लाख हो गया। इसके अलावा यूबीआर आधारित एफडब्ल्यूए में भी कंपनी ने 2,29,659 नए उपभोक्ता जोड़े। दोनों श्रेणियों को मिलाकर जियो ने कुल 3.8 लाख एफडब्ल्यूए कनेक्शन दिए, जो एयरटेल के जोड़े गए 96,339 नए 5जी एफडब्ल्यूए ग्राहकों की तुलना में लगभग चार गुना अधिक हैं। फिक्स्ड-वायर्ड ब्रॉडबैंड में भी जियो 1.481 करोड़ ग्राहकों के साथ एयरटेल के 1.144 करोड़ ग्राहकों से काफी आगे चल रही है।

Related Articles

Back to top button