सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ प्रशासन का सख्त अभियान, 1776 दुकानों का निरीक्षण और 532 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त

देहरादून,पर्यावरण संरक्षण और राजधानी देहरादून को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन का अभियान तेज हो गया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर नगर निगम क्षेत्र के सभी 100 वार्डों में सघन प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग, भंडारण और बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
50 सेक्टर अधिकारियों की तैनाती, 550 चालान और 1.96 लाख का जुर्माना
अभियान को धरातल पर प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा 50 सेक्टर अधिकारियों की तैनाती की गई है। इन अधिकारियों द्वारा शहर के विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों में अब तक 1776 प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया जा चुका है।
निरीक्षण के दौरान 762 प्रतिष्ठानों में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। इनमें से 550 प्रतिष्ठानों के चालान काटते हुए कुल 1.96 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
532 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त
प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान अब तक 532 किलोग्राम सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री जब्त कर उसे नष्ट किया जा चुका है। प्रशासन का कहना है कि इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं है, बल्कि व्यापारियों और आम नागरिकों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना पैदा करना है।
पर्यावरण संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी
जिला प्रशासन द्वारा चालानी कार्रवाई के साथ-साथ नागरिकों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। प्रशासन ने दुकानदारों और आमजन से अपील की है कि वे प्रतिबंधित प्लास्टिक के बजाय पर्यावरण अनुकूल विकल्पों (जैसे कपड़े या जूट के थैले) का प्रयोग करें। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नागरिकों की सक्रिय सहभागिता अनिवार्य है।



