Almora Panchayat Election : नव-निर्वाचित सदस्य पर जानलेवा हमला, SC/ST एक्ट के तहत मामला दर्ज

Almora Panchayat Election अल्मोड़ा, उत्तराखंड | 1 अगस्त 2025: उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के नतीजे आने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी रंजिश और आपसी मनमुटाव के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में अल्मोड़ा जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां खगमराकोट क्षेत्र पंचायत के नव-निर्वाचित सदस्य रोहन कुमार आर्या पर विरोधी पक्ष ने जानलेवा हमला किया है। इस घटना में रोहन कुमार आर्या और उनके कई समर्थक घायल हुए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Almora Panchayat Election जीत के जश्न में भंग: धारदार हथियारों से हमला
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र पंचायत सदस्य चुनाव में विजयी हुए रोहन कुमार आर्या ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि मतगणना के दिन जीत के बाद वे हवालबाग ब्लॉक से कोसी बाजार में खाना खाने के लिए अपने समर्थकों के साथ जा रहे थे। आरोप है कि तभी दूसरे पक्ष के पंकज कुमार बिष्ट और दीपक पाटनी सहित उनके साथियों ने रोहन कुमार आर्या के पिता और उनके अन्य वरिष्ठ समर्थकों पर लाठी-डंडों और नुकीले (धारदार) हथियारों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
रोहन कुमार आर्या ने बताया कि उन्होंने हमलावर पक्ष से चुनाव परिणाम (Almora Panchayat Election )आने के बाद झगड़ा न करने की बात कही, लेकिन आरोपियों ने उनकी एक न सुनी और उन पर बेरहमी से हमला कर दिया। इस हमले में रोहन कुमार आर्या के माथे पर भी गंभीर चोट आई है। मारपीट के बाद हमलावर एक गाड़ी में बैठकर मौके से फरार हो गए।
जातिसूचक गालियों का आरोप, सियासी गरमाहट
इस घटना पर सफाई कर्मचारी आयोग उत्तराखंड के पूर्व उपाध्यक्ष और भाजपा नेता सिकंदर पवार ने भी कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा की सामान्य खगमरा सीट से अनुसूचित जाति के प्रत्याशी रोहन कुमार आर्या ने जीत हासिल की है। आरोप है कि जीत के बाद जब रोहन कुमार अपने समर्थकों के साथ कोसी आ रहे थे, तभी विरोधी पक्ष के कुछ लोगों ने उन पर नुकीले हथियारों और डंडों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
पवार ने यह भी आरोप लगाया कि हमले के दौरान जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर गालियां भी दी गईं। उन्होंने अल्मोड़ा थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही है और हमलावरों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है। सिकंदर पवार ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिनों के भीतर हमलावरों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो पूरे शहर की सफाई व्यवस्था बंद कर दी जाएगी। उन्होंने इस घटना को जातिगत विद्वेष का परिणाम बताया है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच जारी
प्रभारी थानाध्यक्ष योगेश चन्द्र उपाध्याय ने बताया कि इस मामले में विगत दिन ही बीएनएस की धारा 115(2), 118(1) और 191(2) के साथ-साथ एससी/एसटी एक्ट (SC/ST Act) के तहत आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



