NEPAL HISTORY:नेपाल की पहली हवाई जहाज हाईजैकिंग की गवाह बनी थीं फिल्म स्टार माला सिन्हा, जानिए किसने की थी हाईजैकिंग
सुशीला कार्की के पति दुर्गा प्रसाद सुवेदी
1973 हवाई जहाज हाईजैकिंग:हिंदी सिनेमा के स्वर्णिम युग की मशहूर अदाकारा माला सिन्हा, जिन्होंने रामानंद सागर की ब्लॉकबस्टर जासूसी फिल्म ‘आंखें’ में अपने अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया, उनकी जिंदगी में एक ऐसा असली रोमांचक किस्सा घटा, जिसकी कहानी किसी फिल्म से कम नहीं थी। क्या आप जानते हैं कि ‘आंखें’ की रिलीज के पांच साल बाद, 1973 में, जिस विमान में वे यात्रा कर रही थीं, उसका अपहरण कर लिया गया था? और इस हाईजैकिंग का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि नेपाल की पूर्व मुख्य न्यायाधीश और अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की के पति थे।1973हवाई जहाज हाईजैकिंग यह एक ऐसी घटना है, जिसमें एक बॉलीवुड स्टार नेपाल की पहली हवाई जहाज हाईजैकिंग की गवाह बनीं।
1973 का ऐतिहासिक हवाई जहाज हाईजैकिंग
साल 1973, आसमान साफ था और रॉयल नेपाल एयरलाइंस की एक उड़ान बिराटनगर से काठमांडू की ओर जा रही थी। विमान में 19 यात्री थे, जिनमें ‘प्यासा’ और ‘हिमालय की गोद में’ जैसी फिल्मों की स्टार माला सिन्हा भी थीं। लेकिन, उनकी यह सामान्य यात्रा अचानक इतिहास के सबसे सनसनीखेज मोड़ पर आ पहुंची।
हवा में उड़ते विमान में अचानक हलचल मच गई, जब कुछ युवा हाईजैकर्स ने विमान पर कब्जा कर लिया। इन हाईजैकर्स का नेतृत्व नेपाली कांग्रेस के उभरते हुए नेता दुर्गा प्रसाद सुवेदी कर रहे थे। उनका मकसद यात्रियों को नुकसान पहुंचाना नहीं था, बल्कि विमान में रखी 30 लाख रुपये की सरकारी नकदी थी, जिसे भारतीय स्टेट बैंक से लाया जा रहा था। यह हाईजैकिंग नेपाल की राजशाही के खिलाफ संघर्ष के लिए धन जुटाने के उद्देश्य से की गई थी।
एक बॉलीवुड स्टार की रियल लाइफ थ्रिलर:
माला सिन्हा, जिन्होंने हमेशा कैमरे के सामने रोमांचक और जासूसी सीन फिल्माए थे, अब असल जिंदगी में एक ऐसी थ्रिलर का हिस्सा थीं, जिसकी पटकथा किसी ने सोची भी नहीं थी। यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और विमान में तनाव का माहौल छा गया।
हाईजैकर्स ने विमान को नेपाल से सटे बिहार के फोर्ब्सगंज में उतारा। वहां से नकदी को कारों के जरिए दार्जिलिंग पहुंचाया गया। इस पूरे ऑपरेशन की निगरानी नेपाली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गिरिजा प्रसाद कोइराला ने की थी।
किस्मत का खेल और एक दिलचस्प कनेक्शन:
यह हाईजैकिंग नेपाल की राजनीति में एक मील का पत्थर साबित हुई। बाद में दुर्गा प्रसाद सुवेदी और उनके साथी मुंबई में पकड़े गए और उन्हें नेपाल को सौंप दिया गया। लेकिन, किस्मत का खेल देखिए, यही दुर्गा प्रसाद सुवेदी बाद में सुशीला कार्की के जीवनसाथी बने, जिन्होंने 2016 में नेपाल की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश बनकर इतिहास रचा। और अब, वे अंतरिम प्रधानमंत्री के तौर पर नेपाल की बागडोर संभालने को लेकर चर्चाओं में हैं। यह घटना बताती है कि कैसे एक बॉलीवुड स्टार और नेपाल की राजनीतिक क्रांति के बीच एक अनूठा संबंध स्थापित हुआ।



