Main Slideन्यूज़ निबंध

उत्तराखंड हीट स्ट्रोक अलर्ट: हर अस्पताल में बनेंगे विशेष ‘हीट स्ट्रोक रूम’, स्वास्थ्य महानिदेशक के सख्त निर्देश

उत्तराखंड में हीट स्ट्रोक को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट: हर अस्पताल में बनेंगे विशेष 'हीट स्ट्रोक रूम', स्वास्थ्य महानिदेशक के सख्त निर्देश

उत्तराखंड हीट स्ट्रोक अलर्ट: देहरादून,उत्तराखंड में लगातार बढ़ रहे तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान और लू (Heat Wave) के खतरों को देखते हुए स्वास्थ्य महानिदेशक (DG Health) डॉ. सुनीता टम्टा ने प्रदेश के सभी जिलों के लिए व्यापक ‘हेल्थ एडवाइजरी’ जारी की है। इसके साथ ही प्रत्येक चिकित्सा इकाई में विशेष “हीट स्ट्रोक रूम” बनाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

अस्पतालों में मुस्तैद रहेंगी आपातकालीन सुविधाएं

स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा ने बताया कि गर्मी से प्रभावित मरीजों को तुरंत और प्रभावी इलाज देने के लिए अस्पतालों में विशेष तैयारियां की गई हैं। इन हीट स्ट्रोक रूम्स में निम्नलिखित आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं:

  • आइस पैक और आईवी फ्लूइड (IV Fluids)
  • ओआरएस (ORS) सॉल्यूशन और जरूरी दवाइयां
  • आपातकालीन स्थिति के लिए वेंटिलेटर की व्यवस्था

इसके साथ ही सभी डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और स्वास्थ्य कर्मियों को हीट स्ट्रोक के मरीजों के त्वरित प्रबंधन के लिए 24 घंटे सतर्क रहने को कहा गया है।

जनजागरूकता अभियान और NHM की पहल

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) द्वारा हीट स्ट्रोक से बचाव के लिए हर जिले में प्रचार-प्रसार सामग्री (पोस्टर और पंपलेट) भेज दी गई है। अस्पतालों और सार्वजनिक स्थानों पर जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है।

स्वास्थ्य महानिदेशक की आमजन से अपील:

“बुजुर्गों, बच्चों और कामकाजी लोगों को इस मौसम में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। तेज धूप में बिना वजह घर से बाहर न निकलें। हल्के सूती कपड़े पहनें और शरीर में पानी की कमी न होने दें। यदि अचानक तबीयत बिगड़े या चक्कर आएं, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।”

Related Articles

Back to top button