CEC ज्ञानेश कुमार ने उत्तरकाशी में सीमांत पोलिंग बूथों का किया निरीक्षण; गंगोत्री धाम में की पूजा-अर्चना

उत्तरकाशी: मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार शनिवार को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर सीमांत जिले उत्तरकाशी पहुंचे। झाला हेलीपैड पर उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने उनका स्वागत किया। अपने दौरे के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने भारत-चीन सीमा से सटे हर्षिल और गंगोत्री क्षेत्र के पोलिंग बूथों का जमीनी निरीक्षण किया और आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (SSR) की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अपनी धर्मपत्नी के साथ श्री गंगोत्री धाम पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। रविवार को वह देहरादून में तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
भारत-चीन सीमा पर स्थित हर्षिल बूथ का स्थलीय निरीक्षण
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने गंगोत्री विधानसभा के अंतर्गत आने वाले सीमांत गांव हर्षिल में पोलिंग बूथ का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से सीधे संवाद कर वोटर मैपिंग और डेटा शुद्धिकरण की प्रगति जानी। ग्राउंड स्टाफ की सराहना करते हुए ज्ञानेश कुमार ने कहा:
“हमारे बीएलओ जमीनी स्तर पर कर्मठता के साथ ‘बीएलओ ऐप’ के जरिए मतदाता सूची से ‘एब्सेंट, शिफ्टेड, डेथ, डुप्लीकेट और विदेशी (ASDD)’ मतदाताओं को चिन्हित कर सूची को शुद्ध बना रहे हैं, साथ ही 18 वर्ष पूरे कर चुके नए मतदाताओं को जोड़ रहे हैं।”
उन्होंने हर्षिल की बीएलओ श्रीमती मिंटू देवी के समर्पण की विशेष प्रशंसा की और कहा कि चुनाव आयोग ऐसे सभी समर्पित ग्राउंड ऑफिसर्स को सैल्यूट करता है।
साधु-संतों के विशेष पोलिंग बूथ पर चर्चा
गंगोत्री पोलिंग बूथ के निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने वहां पंजीकृत साधु-संतों और संन्यासियों के साथ काफी देर तक आत्मीय संवाद किया। कड़ाके की ठंड और दुर्गम परिस्थितियों के बीच भी लोकतंत्र के उत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए उन्होंने संतों का आभार जताया। संवाद के दौरान उन्होंने कहा कि एक ऐसा पोलिंग बूथ जहाँ शत-प्रतिशत मतदाता केवल साधना में लीन रहने वाले साधु-संत हैं, यह हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था की विविधता और ताकत की एक अनूठी मिसाल है।
देर शाम उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक
हर्षिल में आयोजित एक बैठक में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण, मैपिंग और एएसडीडी (ASDD) सूची के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी श्रीमती मुक्ता मिश्रा, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, ईआरओ गंगोत्री/एसडीएम शालिनी नेगी सहित पुलिस एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



