Main Slideन्यूज़ निबंध

लखनऊ अग्निकांड के घायलों का हाल जानने ट्रामा सेंटर पहुंचे नगर विकास मंत्री, दिए उच्च स्तरीय जांच के निर्देश

लखनऊ,अलीगंज क्षेत्र में हुई दुखद अग्नि दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए तत्काल राहत एवं उपचार व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंत्री ए.के. शर्मा सबसे पहले किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के ट्रामा सेंटर पहुंचे, जहां उन्होंने भर्ती घायलों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।

इस दौरान उन्होंने चिकित्सा विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद तथा वरिष्ठ चिकित्सकों से घायलों के उपचार की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने डॉक्टरों को कड़े निर्देश दिए कि सभी घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा उनके इलाज में किसी भी प्रकार की कोताही या कमी न रहने पाए। मंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है और प्रभावित लोगों को हरसंभव चिकित्सकीय और प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

ट्रामा सेंटर में घायलों का हाल जानने के बाद मंत्री सीधे अलीगंज स्थित दुर्घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उन्होंने प्रभावित क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की जमीनी स्थिति देखी। उन्होंने संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच कराने, क्षेत्र में सुरक्षा मानकों की समीक्षा करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी और ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए।

मंत्री ने इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति के प्रति अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की तथा सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने दोहराया कि प्रदेश सरकार संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को हरसंभव संबल और सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button