Main Slideन्यूज़ निबंध

Champawat News: सीएम हेल्पलाइन-1905 : शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें – DM मनीष कुमार

champawat News : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गुरुवार को जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1905 की समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ निस्तारण किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि किसी शिकायत का फोर्स क्लोज किया जाता है तो उसके स्पष्ट कारण शिकायतकर्ता को अनिवार्य रूप से बताएँ।

उन्होंने अधिकारियों से शिकायतकर्ताओं से नियमित संवाद बनाए रखने तथा उनकी संतुष्टि तक समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही फील्ड स्तर पर सक्रिय रहकर कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि समस्याओं का समय रहते समाधान किया जाए, जिससे शिकायत दर्ज होने की आवश्यकता ही न पड़े। उन्होंने शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत के प्रभावी एवं संतोषजनक निस्तारण पर विशेष जोर दिया।

बैठक में अवगत कराया गया कि वर्तमान में जनपद चम्पावत में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1905 पर कुल 9 शिकायतें लंबित हैं। इनमें वन एवं शिक्षा विभाग की 3-3, जबकि परिवहन, उरेडा एवं सहकारिता विभाग की 1-1 शिकायत लंबित है। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को इन शिकायतों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी, परियोजना निदेशक अजय सिंह, उपजिलाधिकारी बी.सी. पंत, नीतू डांगर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देवेश चौहान, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग मोहन चन्द्र पलड़िया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button