चमोली में टीएचडीसी टनल रेस्क्यू अभियान पूर्ण, 12 श्रमिक सुरक्षित बाहर निकाले गए, 10 की हुई दुखद मौत

पीपलकोटी (चमोली),चमोली जनपद के हाट-सियासैण, मायापुर (पीपलकोटी) में टीएचडीसी की निर्माणाधीन सुरंग में बीते 13 अगस्त को हुए हादसे के बाद जिला प्रशासन की देखरेख में चलाया जा रहा खोज एवं बचाव अभियान मंगलवार को पूरा हो गया। लगभग 117 घंटे चले इस व्यापक रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान टनल में फंसे सभी प्रभावित श्रमिकों को बाहर निकाल लिया गया है।
117 घंटे चला रेस्क्यू अभियान, 12 लोग सुरक्षित और 10 की मृत्यु
हादसे के समय टनल में एचसीसी कंपनी के माध्यम से काम किया जा रहा था। अचानक पानी के रिसाव और मलबा आने के कारण लगभग 22 मजदूर अंदर फंस गए थे। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, भारतीय सेना, पुलिस, सीआईएसएफ और जिला प्रशासन की टीमों ने तुरंत मोर्चा संभाला।
अभियान के दौरान कुल 12 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि 10 श्रमिकों के शव बरामद किए गए। अभियान के प्रथम दिन 19 लोगों को बाहर निकाला गया था, जिसमें 12 घायल और 7 मृतक शामिल थे। इसके बाद लगातार चले सर्च ऑपरेशन में 18 अगस्त तक शेष सभी प्रभावितों को बाहर निकाला गया।

आधुनिक उपकरणों से पानी और मलबा हटाकर चलाया गया ऑपरेशन
सुरंग के भीतर भारी मात्रा में पानी और मलबा जमा हो जाने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। रेस्क्यू टीमों ने सक्शन पंपों और भारी मशीनरी की मदद से पानी की निकासी की और मलबे को हटाकर अंदरूनी हिस्सों तक पहुंच बनाई। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने खुद मौके पर मौजूद रहकर पूरे ऑपरेशन की निगरानी की और सभी एजेंसियों के बीच समन्वय बनाए रखा।
सुरक्षित निकाले गए 12 श्रमिकों का विवरण
- सुनील दीवान (छत्तीसगढ़)
- हारबिल गुड़िया (झारखंड)
- कमड़ा (झारखंड)
- निस्तर भिंगरा (झारखंड)
- विनोद रावना (झारखंड)
- दीना बेगरा (झारखंड)
- खेला राम बिसरा (झारखंड)
- सुबेग सिंह (पंजाब)
- तिलकराज (हिमाचल प्रदेश)
- पेन सिंह (छत्तीसगढ़)
- रोहित पाण्डे (बिहार)
- गोविन्दो मंडाल (पश्चिम बंगाल)
मृतक श्रमिकों की सूची
- प्रदीप पंवार (टिहरी गढ़वाल, उत्तराखंड)
- जितेन्द्र कुमार (उत्तर प्रदेश)
- मुकेश सिंह (चमोली, उत्तराखंड)
- दुर्लभ शर्मा (उत्तर प्रदेश)
- विजय हंसदा (उत्तर प्रदेश)
- लोकेश्वर (छत्तीसगढ़)
- भुनेश्वर (छत्तीसगढ़)
- देवनाथ (छत्तीसगढ़)
- लुकास टोपनो (झारखंड)
- चेतन पोयाम (छत्तीसगढ़)
प्रशासनिक और सुरक्षा बलों के संयुक्त प्रयासों से यह जटिल सर्च अभियान संपन्न हो सका।



