कायाकल्प अवार्ड में चम्पावत का शानदार प्रदर्शन, जिला अस्पताल व उप जिला अस्पताल टनकपुर सम्मानित

स्वच्छता, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं और अत्याधुनिक व्यवस्थाओं में जिले ने दर्ज की उल्लेखनीय उपलब्धि
आयुष्मान आरोग्य मंदिर आमबाग ने हासिल किया प्रथम स्थान
चंपावत,उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और जिलाधिकारी मनीष कुमार के मार्गदर्शन में चम्पावत जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़, गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक बनाने के प्रयासों को कायाकल्प अवार्ड योजना के तहत बड़ी सफलता मिली है। अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता, मरीज सुविधाओं, संक्रमण नियंत्रण, बेहतर प्रबंधन और अत्याधुनिक व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए जिले के कई अस्पतालों को सम्मानित किया गया है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 के एक्सटर्नल असेसमेंट के बाद जिले के जिला चिकित्सालय चम्पावत और उप जिला चिकित्सालय टनकपुर को कमेंडेशन अवार्ड से सम्मानित किया गया है। इसके साथ ही जिले के 5 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) को भी कमेंडेशन अवार्ड प्राप्त हुआ है। कायाकल्प कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के 15 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को भी पुरस्कार मिला है, जिनमें आयुष्मान आरोग्य मंदिर आमबाग ने प्रथम स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है।
कायाकल्प कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट, अस्पताल परिसर के रखरखाव, मरीजों की सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सहित विभिन्न कड़े मानकों का मूल्यांकन किया जाता है। एक्सटर्नल असेसमेंट में जिले के स्वास्थ्य संस्थानों का यह शानदार प्रदर्शन स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए जा रहे निरंतर सुधारों को दर्शाता है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने कायाकल्प अवार्ड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी अधिकारियों, चिकित्सकों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरी टीम के सामूहिक प्रयास, बेहतर प्रबंधन, स्वच्छता व्यवस्था और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता का परिणाम है।
सीएमओ ने आगे कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाने के प्रयास जारी रहेंगे। कायाकल्प अवार्ड के मूल्यांकन से संस्थानों को अपनी व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत करने की प्रेरणा मिलती है। जिले के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा ताकि आम जनता को स्वच्छ, सुरक्षित, आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध हो सकें।



