Champawat News:जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सुनीं जनसमस्याएं, 65 शिकायतों पर अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश

चंपावत, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सुशासन और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देशों के क्रम में सोमवार को चंपावत कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनता मिलन में 65 शिकायतें दर्ज, सोलर लाइट और आपदा सुरक्षा मुख्य मुद्दे
आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में कुल 65 आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त हुईं। इसमें मुख्य रूप से पेयजल आपूर्ति, सोलर स्ट्रीट लाइट, सड़क मरम्मत, विद्युत, आर्थिक सहायता, सुरक्षा दीवार निर्माण और चेनलिंक फेंसिंग से जुड़े मामले शामिल रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिन समस्याओं का तुरंत समाधान संभव है, उनमें कोई अनावश्यक विलंब न किया जाए और जहां प्रक्रियात्मक कार्य आवश्यक है, वहां पारदर्शी तरीके से तेजी लाई जाए।
विभिन्न ग्रामीण समस्याओं पर त्वरित निर्देश
- ढकना पैदल मार्ग के पास निर्माणाधीन वृद्धाश्रम की सुरक्षा हेतु सुरक्षा दीवार निर्माण के प्रकाश चंद्र के आवेदन पर जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी और अधिशासी अभियंता मंडी को मौके का मुआयना कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
- ग्राम गोली निवासी नवीन सिंह की फसलों को जंगली जानवरों से बचाने हेतु तारबाड़ की मांग पर मुख्य कृषि अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई के आदेश दिए गए।
- भुमलाई, तल्ली चानमारी और बाजरीकोट में सोलर लाइट लगाने की मांग पर उरेडा (UREDA) विभाग को त्वरित निस्तारण के निर्देश मिले।
- टपोला गधेरे में बाढ़ सुरक्षा कार्य कराए जाने संबंधी जिला पंचायत सदस्य सोनू बोहरा के प्रार्थना पत्र पर सिंचाई खंड के अधिशासी अभियंता को आवश्यक निर्देश जारी किए गए।
विभागीय समीक्षा और पोर्टल कार्यों की मॉनीटरिंग
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप हर सोमवार को जनता की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया जाता है। जनता मिलन के साथ-साथ सीएम हेल्पलाइन, ई-ऑफिस, ई-डीपीआर और माई भारत वॉलंटियर्स से संबंधित विकास कार्यों की समीक्षा भी की गई।
कार्यक्रम में परियोजना निदेशक अजय सिंह, उपजिलाधिकारी बीसी पंत, एपीडी विमी जोशी, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, लोनिवि अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट और जिला पंचायत राज अधिकारी महेश कुमार सहित तमाम जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे



