Main Slideन्यूज़ निबंध

मनोरमा कृषि रक्षक’ ऐप : मुख्यमंत्री धामी ने किया लॉन्च, किसानों और स्वयं सहायता समूहों को मिलेगी रियल टाइम जानकारी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति द्वारा विकसित किसान-केंद्रित मोबाइल ऐप ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ का आधिकारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ऐप को किसानों और स्वयं सहायता समूहों के लिए बेहद उपयोगी बताते हुए संस्था के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से किसानों को कृषि संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां और सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति के पदाधिकारियों ने ऐप की विशेषताओं के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इसके जरिए किसानों को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मौसम के पल-पल के अलर्ट, फसल अनुसार कृषि परामर्श और एआई (AI) आधारित फसल रोग पहचान की सुविधा मिलेगी। इसके अतिरिक्त, किसानों को कृषि बाजार की जानकारी, परिवहन और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी सेवाएं भी इस ऐप पर उपलब्ध कराई गई हैं। ग्रामीण उद्यमों और स्वयं सहायता समूहों को सीधे बाजार से जोड़ने के लिए भी विशेष फीचर्स जोड़े गए हैं।

समिति के प्रतिनिधियों ने बताया कि ऐप का निर्माण किसानों की व्यावहारिक जरूरतों को ध्यान में रखकर किया गया है, ताकि उन्हें उत्पादन से लेकर बिक्री तक हर स्तर पर डिजिटल सहयोग मिल सके। कार्यक्रम के दौरान कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति से कमला डबराल, राजेश डबराल, अंशुल, प्रांजल नौडियाल और सूरवीर सिंह कठैत सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button