Disaster control room पहुंच कर सीएम धामी ने राहत कार्यों का लिया जायजा, भू वैज्ञानिकों की टीम भेजने का निर्देश

भू वैज्ञानिकों की टीम : देहरादून,उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून स्थित आपदा कंट्रोल रूम में राज्य के आपदाग्रस्त क्षेत्रों में चल रहे राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से धराली-हर्षिल में हुए नुकसान का जायजा लिया और अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
भू वैज्ञानिकों की टीम करेगी धराली का भू-वैज्ञानिक सर्वे
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी उत्तरकाशी को निर्देश दिया कि धराली आपदा में बेघर हुए 108 परिवारों से निरंतर संपर्क बनाया जाए और उनके लिए रहने, भोजन, दवाइयों और अन्य आवश्यक सुविधाओं की बेहतरीन व्यवस्था की जाए। उन्होंने सोमवार सुबह ही आईआईटी रुड़की और अन्य विशेषज्ञ एजेंसियों के भू-वैज्ञानिकों की एक टीम को धराली रवाना करने का निर्देश दिया, ताकि क्षेत्र के चैनेलाइजेशन का अध्ययन किया जा सके।
हर्षिल तक सड़क मार्ग जल्द होगा बहाल
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धराली-हर्षिल क्षेत्र में सड़क मार्ग को मंगलवार तक युद्धस्तर पर काम करते हुए सुचारु किया जाए। उन्होंने जिलाधिकारी और संबंधित विभागों के सचिवों को आदेश दिया कि धराली में हुई सार्वजनिक और निजी संपत्ति के नुकसान का आकलन 7 दिनों के भीतर पूरा किया जाए। इस संबंध में, आठ विभागों की प्रारंभिक रिपोर्ट पहले ही दी जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को आकलन रिपोर्ट तैयार होते ही केंद्र सरकार को भेजने का निर्देश दिया।
आपदा प्रभावितों को तत्काल सहायता
मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी आपदाग्रस्त क्षेत्रों में प्रभावितों को तात्कालिक सहायता राशि का वितरण जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह सहायता राशि प्रभावितों को तुरंत राहत देने के लिए है, और इस संबंध में किसी भी तरह की नकारात्मकता नहीं फैलाई जानी चाहिए। धामी ने यह भी घोषणा की कि धराली में ध्वस्त हुए कल्प केदार देवता के मंदिर का पुनर्निर्माण कराया जाएगा।

उत्तराखंड के लोगों का होगा बेहतरीन विस्थापन
मुख्यमंत्री ने कहा कि धराली के लोग हमारे अपने लोग हैं, और उनका बेहतरीन विस्थापन किया जाएगा, इसमें कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने राहत-बचाव कार्यों में जुटी सरकारी मशीनरी की सराहना की और इसमें जन सहयोग की भी अपील की। उन्होंने कहा कि इस तरह के संकट में सभी को भ्रामक और नकारात्मक प्रचार से बचना चाहिए।
राहत कार्यों में जुटे सभी कर्मचारियों और जवानों की सराहना
मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से धराली के ग्राम प्रधान और ग्रामीणों से भी बात की। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के समर्थन और त्वरित कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया। सीएम धामी ने रक्षाबंधन के पर्व पर भी राहत कार्यों में जुटे सभी सरकारी अधिकारियों, पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, और सेना के जवानों की सराहना करते हुए कहा कि उनका मनोबल और हिम्मत प्रशंसनीय है।
पौड़ी में भी जारी है राहत कार्य
बैठक में जिलाधिकारी पौड़ी स्वाति भदौरिया ने बताया कि जिले में 338 गांव आपदा प्रभावित हैं और प्रभावितों को अब तक ₹50.86 लाख का मुआवजा वितरित किया जा चुका है। NEWS /PHOTO – DIPR Uttrakhand



