नीट यूजी पुनर्परीक्षा को लेकर अल्मोड़ा प्रशासन सतर्क, दो केंद्रों पर परीक्षा देंगे पांच सौ से अधिक अभ्यर्थी

अल्मोड़ा,राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 की पुनर्परीक्षा को लेकर अल्मोड़ा जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के लिए नवीन कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में जानकारी दी गई कि 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली नीट-यूजी पुनर्परीक्षा जनपद के दो मुख्य परीक्षा केंद्रों पर संपन्न होगी। इसके लिए केंद्रीय विद्यालय रानीखेत तथा बिपिन त्रिपाठी कुमाऊँ प्रौद्योगिकी संस्थान (बीटीकेआईटी) द्वाराहाट को केंद्र बनाया गया है। इन दोनों केंद्रों पर कुल 504 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे, जिसमें केंद्रीय विद्यालय रानीखेत में 288 तथा बीटीकेआईटी द्वाराहाट में 216 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से अपनी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों का एक दिन पूर्व भौतिक निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। परीक्षा कक्षों, पेयजल व्यवस्था, शौचालयों, बैठने की सुविधा, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक संसाधनों की गहन जांच कर किसी भी प्रकार की कमी को तत्काल दूर कर लिया जाए।
उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि परीक्षा के दिन दोनों केंद्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी पहले से तैयार रखी जाए, ताकि परीक्षा संचालन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
बैठक के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने और परीक्षा केंद्रों के आसपास शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सुरक्षा प्रबंधन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरे और जैमर परीक्षा से पूर्व पूरी तरह कार्यशील स्थिति में होने चाहिए। उनकी तकनीकी जांच और परीक्षण एक दिन पहले ही पूरा कर लिया जाए ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी समस्या सामने न आए।
उन्होंने कहा कि नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण परीक्षा का निष्पक्ष और पारदर्शी आयोजन प्रशासन की बड़ी जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें। परीक्षा से संबंधित प्रत्येक व्यवस्था निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाए ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए अनुकूल और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जाए तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए। इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक हरबंश सिंह, जॉइंट मजिस्ट्रेट रानीखेत दीक्षिता जोशी, उप जिलाधिकारी सुनील कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



