बुजुर्गों से झुक कर मिलते हैं सीएम धामी, मां और प्रकृति की सेवा करने का दिया संदेश

सीएम धामी : हरिद्वार, 03 जुलाई 2025: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज हरिद्वार के मेला नियंत्रण भवन परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ग्लोबल वार्मिंग और पर्यावरण असंतुलन को रोकने में वृक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
मां और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी ,एक जन आंदोलन की अपील सीएम धामी
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि इस प्रेरणादायक अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान में एक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने जोर दिया कि यह पहल भावनात्मक जुड़ाव के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को एक जन-आंदोलन का रूप देगी। उन्होंने कहा, “मां और प्रकृति दोनों की सेवा करना हमारा परम कर्तव्य है। यह अभियान समाज में पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारी का भी संदेश देता है।”

स्वच्छता अभियान में सहभागिता: प्रधानमंत्री मोदी के ‘स्वच्छ भारत’ संकल्प को बल
रुद्राक्ष रोपण के पश्चात, मुख्यमंत्री ने सी.सी.आर के पास गंगा घाट पहुंचकर सफाई एवं स्वच्छता अभियान में सक्रिय रूप से भाग लिया। उन्होंने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया और बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वच्छ भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने आगामी कावड़ यात्रा में आने वाले सभी श्रद्धालुओं से भी स्वच्छता बनाए रखने का हार्दिक आग्रह किया।

कावड़ यात्रियों से संवाद: देवभूमि उत्तराखंड की अतिथि देवो भवः परंपरा
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने विभिन्न राज्यों से हरिद्वार पहुंचे कावड़ श्रद्धालुओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने उनके यातायात, ठहरने की व्यवस्था, खान-पान और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। श्रद्धालुओं ने अपने यात्रा अनुभवों को साझा करते हुए देवभूमि उत्तराखंड की अतिथि सत्कार और बेहतरीन व्यवस्थाओं की प्रशंसा की।

कार्यक्रम में गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति
इस महत्वपूर्ण अवसर पर सांसद कल्पना सैनी, विधायक मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, आदेश चौहान, ममता राकेश, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, मेयर किरण जेसल, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, उपाध्यक्ष राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण विनय रोहिला, दर्जा राज्यमंत्री ओम प्रकाश जमदग्नि सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इनमें मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी श्री दीपम सेठ, प्रमुख सचिव आर. के सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, मंडलायुक्त विनय शंकर पांडे, सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडे, धीराज सिंह गर्ब्याल, युगल किशोर पंत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल प्रमुख थे।



