Champawat News : भोखड़ा (मंगललेख) विद्यालय भवन मामले मे DM मनीष कुमार ने की सख्त कार्रवाई, DEO ने किया स्थलीय निरीक्षण

Champawat:चंपावत जिले के पाटी विकासखंड अंतर्गत राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय भोखड़ा (मंगललेख) में पशु बांधे जाने की खबर का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) भारत जोशी ने मौके का निरीक्षण किया।
2017 से बंद है विद्यालय, बच्चों की शिक्षा पर नहीं पड़ा कोई असर
निरीक्षण के दौरान प्रभारी DEO भारत जोशी ने बताया कि छात्र संख्या शून्य होने के कारण यह विद्यालय वर्ष 2017 से ही बंद है और वहां कोई शैक्षणिक रिकॉर्ड भी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पास के राजकीय इंटर कॉलेज रमक में क्षेत्र के बच्चों की पढ़ाई सुचारू रूप से जारी है, जिससे उनकी शिक्षा पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा है। ग्राम प्रधान नरेश आर्या और पूर्व प्रधान प्रतिनिधि मंगल जोशी ने भी इसकी पुष्टि की।
NEP 2020 और सरकारी संपत्तियों का संरक्षण
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बंद पड़े विद्यालयों के परिसरों का अनधिकृत उपयोग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) के तहत कम या शून्य छात्र संख्या वाले स्कूलों के संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और नजदीकी विद्यालयों में समायोजन की नीति अपनाई जा रही है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सरकारी परिसंपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ नियमानुसार इन भवनों का जनहित में उचित उपयोग किया जाएगा।



