रामनगर पहुंचे सीएम धामी का भव्य स्वागत, हेलीपैड पर बच्चों संग बिताए आत्मीय पल

रामनगर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज रामनगर के अहाना रिसॉर्ट हेलीपैड पहुंचे। रामनगर आगमन पर प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय जनप्रितिनिधियों ने मुख्यमंत्री का ज़ोरदार स्वागत किया। स्वागत करने वालों में कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत, आईजी निवेदिता कुकरेती, नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, सीडीओ अरविंद कुमार पांडेय और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट सहित राकेश नैनवाल, संजय डॉर्बी और इंदर रावत प्रमुख रूप से शामिल रहे।
हेलीपैड पर बच्चों का दिखा भारी उत्साह
हेलीपैड पर जैसे ही मुख्यमंत्री ने बड़ी संख्या में स्थानीय बच्चों को देखा, वे प्रोटोकॉल से इतर सीधे उनके बीच पहुंच गए। मुख्यमंत्री को अपने इतने करीब पाकर बच्चों का उत्साह देखने लायक था। बच्चों ने मुख्यमंत्री को घेर लिया और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाने की ज़िद करने लगे। मुख्यमंत्री ने भी सहृदयता दिखाते हुए बच्चों के साथ खूब तस्वीरें खिंचवाईं और उनसे काफी देर तक आत्मीय बातचीत की।
बच्चों को दी कड़ी मेहनत और अनुशासन की सीख
बच्चों के साथ समय बिताते हुए मुख्यमंत्री ने उनकी पढ़ाई-लिखाई, पसंदीदा रुचियों और भविष्य के सपनों के बारे में विस्तार से जाना। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में अनुशासन, कड़ी मेहनत और सकारात्मक सोच को अपनाना बेहद जरूरी है। यदि आप लगातार प्रयास, पूरी ईमानदारी और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ेंगे, तो जीवन के किसी भी ऊंचे लक्ष्य को आसानी से हासिल कर सकते हैं। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ने और हमेशा अपने माता-पिता व गुरुजनों का सम्मान करने की सीख दी। बच्चों ने भी मुख्यमंत्री के साथ बिताए इन पलों का खूब आनंद लिया और उनके साथ सेल्फी व ग्रुप फोटो खिंचवाए।
जनता की समस्याओं का ऑन द स्पॉट समाधान
हेलीपैड पर बच्चों से मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने क्षेत्र से आए आम नागरिकों और फरियादियों से भी मुलाकात की। उन्होंने लोगों की शिकायतों और समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना। मुख्यमंत्री ने मौके पर ही मौजूद जिले के उच्चाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनता की इन समस्याओं का बिना किसी देरी के त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।



