Main Slideन्यूज़ निबंध

BTIndia@100 में बोले CM पुष्कर सिंह धामी: उत्तराखंड बन रहा देश का नया इंडस्ट्रियल हब, रिवर्स माइग्रेशन में 44 प्रतिशत का उछाल

नई दिल्ली में आयोजित इंडिया टुडे ग्रुप के मेगा ब्रांड बिजनेस टुडे के ‘BTIndia@100’ कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की। ‘Uttarakhand: Powering India’s Industrial Growth’ विषय पर चर्चा करते हुए उन्होंने राज्य के विकास मॉडल, बढ़ती औद्योगिक क्षमता, सुधरती कनेक्टिविटी और रोजगार के अवसरों को देश के दिग्गज उद्योगपतियों के सामने मजबूती से रखा।

ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के बाद बदला उत्तराखंड का औद्योगिक परिदृश्य

मुख्यमंत्री ने बताया कि 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के बाद से उत्तराखंड की औद्योगिक पहचान में बड़ा बदलाव आया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में हुई इस समिट में 50 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया था।

निवेश प्रस्तावों को केवल कागजों (MoU) तक सीमित न रखकर धरातल पर उतारने के लिए सरकार ने 30 से अधिक नई नीतियां बनाई हैं।

भूमि, कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार

राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि बड़े लैंड बैंक सीमित होने के बावजूद हरिद्वार, देहरादून और ऊधमसिंह नगर में उद्योगों के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध है।

  • मजबूत कनेक्टिविटी: दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर से यात्रा का समय घटेगा। देहरादून से 50 से ज्यादा हवाई सेवाएं संचालित हो रही हैं।
  • ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट: पंतनगर को कृषि के साथ औद्योगिक केंद्र बनाया जा रहा है, जहां ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट प्रस्तावित है।
  • पहाड़ों में औद्योगिक पार्क: पौड़ी, अल्मोड़ा और चमोली जैसे पर्वतीय जिलों में औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं।
  • एक जिला-दो उत्पाद: स्थानीय उत्पादों और छोटे उद्यमियों को बाजार देने के लिए यह पहल शुरू की गई है।

नीति आयोग की SDG रैंकिंग में शीर्ष स्थान

उत्तराखंड ने नीति आयोग की एसडीजी (SDG) रैंकिंग में पहला स्थान हासिल किया है। पर्वतीय और पूर्वोत्तर राज्यों की श्रेणी में निवेश के अनुकूल बेहतर नीतिगत माहौल तैयार करने में भी राज्य अग्रणी रहा है।

रोजगार, पारदर्शी भर्ती और स्टार्टअप इकोसिस्टम

सीएम धामी ने स्पष्ट किया कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ रोकने के लिए कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया, जिसके तहत करीब 100 नकल माफियाओं को जेल भेजा गया।

  • 34 हजार से अधिक नियुक्तियां: राज्य गठन के दो दशकों में जहां 16 हजार नियुक्तियां हुई थीं, वहीं पिछले 5 वर्षों में 34,000 से अधिक सरकारी नौकरियां दी गईं।
  • स्टार्टअप में तेजी: राज्य में स्टार्टअप्स की संख्या 700 से बढ़कर करीब 2,000 पहुंच चुकी है।
  • मुख्यमंत्री उद्यमशाला: युवाओं और महिलाओं को बिजनेस, ट्रेनिंग और लोन से जोड़ने वाली इस योजना से 13 हजार से अधिक लोग प्रशिक्षित हो चुके हैं।

पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी: 44% बढ़ा रिवर्स माइग्रेशन

उत्तराखंड की पुरानी कहावत ‘पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी’ को राज्य के काम लाने की दिशा में सफलता मिल रही है। पर्यटन, होमस्टे और स्थानीय स्वरोजगार के अवसरों से राज्य में 44 प्रतिशत का रिवर्स माइग्रेशन दर्ज किया गया है।

चारधाम यात्रा के पहले चरण में 47 लाख से अधिक और कांवड़ यात्रा में 4.80 करोड़ श्रद्धालु पहुंचे। आदि कैलाश क्षेत्र में पीएम मोदी के दौरे के बाद सीमांत इलाकों में पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था को बड़ा बल मिला है।

‘जेन-जी’ को बताया ‘इंडियन जनरेशन’, ऑटोमोबाइल कंपनियों को न्योता

मुख्यमंत्री ने आज के युवाओं को ‘इंडियन जनरेशन’ करार देते हुए कहा कि सरकार बदलती दुनिया के साथ युवाओं को वैश्विक अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने मंच से देश की शीर्ष ऑटोमोबाइल कंपनियों को उत्तराखंड में निवेश करने का सीधा निमंत्रण दिया।

उत्तराखंड का विकास मॉडल अब केवल पर्यटन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह औद्योगिक विकास, डिजिटल इकोनॉमी और पर्वतीय क्षेत्रों के संतुलित विकास का एक सशक्त माध्यम बन चुका है।

Related Articles

Back to top button