Main Slideन्यूज़ निबंध

SHG की महिलाओं को मिलेंगे बड़े ऑर्डर, बढ़ेगी आमदनी- CDO अभिनव शाह

सहसपुर में खुलेगा आधुनिक कॉमन फैसिलिटी सेंटर,आधुनिक सिलाई मशीनों से मिलेगा प्रशिक्षण

देहरादून,मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और जिला प्रशासन देहरादून की पहल से सहसपुर में लंबे समय से निष्क्रिय पड़े कॉमन फैसिलिटी सेंटर (CFC) को दोबारा सक्रिय किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा अत्याधुनिक सिलाई मशीनों से लैस इस केंद्र के संचालन की पूरी जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सौंपी जा रही है। इसका औपचारिक उद्घाटन अंतिम चरण में है।

आस्था क्लस्टर फेडरेशन संभालेगा केंद्र की कमान

सहसपुर ब्लॉक स्थित जिला उद्योग केंद्र परिसर में वर्ष 2024 में स्थापित इस सिलाई यूनिट को अब ‘आस्था क्लस्टर लेवल फेडरेशन’ को सौंप दिया गया है। करीब 25 से 30 आधुनिक सिलाई मशीनों से सुसज्जित इस सेंटर में स्थानीय महिलाओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के साथ-साथ व्यावसायिक उत्पादन से जोड़ा जाएगा। केंद्र में जूट बैग, स्कूल यूनिफॉर्म, कार कवर और बाइक सीट कवर जैसे विभिन्न गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार किए जाएंगे।

औद्योगिक क्षेत्रों से बल्क ऑर्डर दिलाने की योजना

उत्पादों की उच्च गुणवत्ता और डिजाइनिंग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिला प्रशासन सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र की निजी कंपनियों से संपर्क कर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सीधे बड़े ऑर्डर उपलब्ध कराने की रूपरेखा तैयार कर रहा है। इससे महिलाओं को नियमित काम और बेहतर आय का जरिया प्राप्त होगा।

लखपति दीदी योजना को मिलेगी नई गति

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह और जिला परियोजना प्रबंधक (रीप) सोनम गुप्ता ने बताया कि यह पहल ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें ‘लखपति दीदी’ के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। आधुनिक मशीनों के सदुपयोग से कुशल महिलाओं की आमदनी में वृद्धि होगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

Related Articles

Back to top button