टिहरी वायरल खबर: जेसीबी से गदेरा पार करने की खबर के बाद पुल निर्माण कार्य प्रगति पर: डीएम ने की सुरक्षित आवागमन की अपील

:
टिहरी वायरल खबर: जौनपुर ब्लॉक के चिफल्डी गदेरे में लोगों द्वारा जेसीबी से गदेरा पार करने की वायरल खबर पर जिलाधिकारी टिहरी ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने बताया कि चिफल्डी में पुल निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके मार्च 2026 तक पूरा होने की संभावना है। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से जोखिम भरे तरीके से गदेरा पार न करने की अपील करते हुए, वैकल्पिक सुरक्षित रास्तों का उपयोग करने का आग्रह किया है।
टिहरी वायरल खबर -पुल निर्माण में बाधाएं और प्रगति
जिलाधिकारी टिहरी ने बताया कि चिफल्डी गदेरे में PMGSY-2 द्वारा 30 मीटर स्पान के स्टील पुल का निर्माण कार्य पूर्व में स्वीकृत था। हालांकि, अगस्त 2024 में भारी वर्षा और फ्लैश फ्लड के कारण नदी का जल स्तर बढ़ गया, जिससे निर्माणाधीन पुल की एप्रोच कट गई और नदी में भारी मलबा जमा हो गया। नदी की चौड़ाई बढ़ने से पुल का पूर्व का कार्य अनुपयोगी हो गया।
इसके परिणामस्वरूप, ट्रस, अबटमेंट, एप्रोच और सुरक्षात्मक कार्यों की मात्रा में परिवर्तन हुआ। अप्रैल 2025 में URRDA से 48 मीटर स्पान के पुल निर्माण की वित्तीय स्वीकृति मिली। वर्तमान में, स्टील ट्रस सेतु A1 अबटमेंट की राफ्ट और 04 लिफ्ट, तथा A2 अबटमेंट की राफ्ट और 01 लिफ्ट का कार्य पूरा हो चुका है। साथ ही, 48 मीटर सेतु का वर्कशॉप में 70 प्रतिशत फैब्रिकेशन कार्य भी हो चुका है। शेष निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और इसके मार्च 2026 तक पूर्ण होने की उम्मीद है।
सुरक्षित आवागमन के वैकल्पिक उपाय
जिलाधिकारी टिहरी ने बताया कि विगत वर्ष 2024 में भी ऐसी ही स्थिति उत्पन्न होने पर पहले अस्थाई पुलिया और फिर शॉर्ट स्पान ह्यूम पाइप डायवर्जन बनाकर आवागमन की व्यवस्था की गई थी। वर्तमान में, PMGSY-2 द्वारा पोकलेन मशीन से नदी को डाइवर्ट/गहरा करने का कार्य किया जा रहा है। ग्रामीणों के सुरक्षित आवागमन के लिए उक्त स्थल पर ह्यूम पाइप डाले गए हैं, जिनसे फिलहाल सुरक्षित रूप से आवागमन किया जा सकता है।
चिफल्टी-तौलियाकाटल के लिए ट्रॉली सुविधा
चिफल्टी-तौलियाकाटल के ग्रामीणों के सुरक्षित आवागमन के लिए उक्त स्थल के समीप ही PWD थत्यूड़ से ट्रॉली भी लगवाई जा रही है। इसके दोनों अबटमेंट का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और केवल ट्रॉली लगाने का कार्य शेष है। PWD थत्यूड़ को ट्रॉली कार्य पूर्ण करते हुए शीघ्र शुरू करने का निर्देश दिया गया है, और उम्मीद है कि एक सप्ताह के भीतर ट्रॉली सेवा शुरू हो जाएगी।
जिलाधिकारी की अपील
जिलाधिकारी टिहरी ने सभी ग्रामीणों से अनुरोध किया है कि वे इस प्रकार से जेसीबी आदि के माध्यम से अपने जीवन को जोखिम में डालकर गदेरा पार न करें। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह में ट्रॉली से आवागमन शुरू हो जाएगा, तब तक गदेरे पर PMGSY-2 द्वारा डाले गए ह्यूम पाइप के ऊपर से ही सुरक्षित आवागमन करें।
Read Also – राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे:मुख्यमंत्री धामी ने किया चिकित्सकों का सम्मान: स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर जोर



