Uttrakhand गैरसैंण विधानसभा सत्र में CM धामी ने प्रस्तुत किया ₹5315 करोड़ का अनुपूरक बजट, बताया ‘नए उत्तराखंड’ की ओर एक मजबूत कदम
गैरसैंण : उत्तराखंड – उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में आयोजित में ₹5,315 करोड़ का अनुपूरक बजट प्रस्तुत किया। मीडिया से बात करते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र पर आधारित है और राज्य के समग्र विकास को समर्पित है।
गैरसैंण सत्र बजट का मुख्य आधार सबका साथ, सबका विकास
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह अनुपूरक बजट सिर्फ एक वित्तीय दस्तावेज नहीं है, बल्कि सतत विकास, समावेशी विकास, नवाचार और आर्थिक सुदृढ़ता के प्रति हमारी सरकार का संकल्प है। इस बजट का मुख्य फोकस राज्य की मानव पूंजी में निवेश और समाज के हर वर्ग, जिसमें किसान, श्रमिक, गरीब, महिलाएं, युवा, और पत्रकार शामिल हैं, का कल्याण सुनिश्चित करना है।

आपदा प्रबंधन और बुनियादी ढांचे पर विशेष जोर
इस बजट में आपदा न्यूनीकरण और पर्यावरणीय संतुलन को भी प्राथमिकता दी गई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि भू-धंसाव, भूकंप जोखिम और स्प्रिंग मैपिंग जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों के लिए प्रभावी वित्तीय प्रावधान किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, बुनियादी ढांचे के विकास के लिए रिस्पना-बिंदाल एलिवेटेड रोड, पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार और कुंभ मेला अवसंरचना जैसे प्रमुख परियोजनाओं को विशेष महत्व दिया गया है।
आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन का विकास
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार ऋषिकेश को योग नगरी और हरिद्वार को आध्यात्मिक पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके साथ ही, नंदा राजजात यात्रा और शारदा रिवर फ्रंट जैसी सांस्कृतिक और धार्मिक परियोजनाओं को भी सशक्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह अनुपूरक बजट ‘नए उत्तराखंड’ की दिशा में एक और मजबूत कदम है। Photo – DIPR Uttrakhand



