15 August बागेश्वर:स्वतंत्रता के मूल्यों को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी-DM अपूर्वा पाण्डे

बागेश्वर,जनपद बागेश्वर में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर जिले के समस्त सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण किया गया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया गया।

कलेक्ट्रेट और नुमाइशखेत में जिलाधिकारी ने फहराया तिरंगा
प्रातः कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने ध्वजारोहण कर सभी जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि शहीदों के त्याग और बलिदान से मिली इस आजादी की सार्थकता तभी है जब हम अपने कर्तव्यों का पालन पूरी ईमानदारी और निष्ठा से करें।

इसके बाद नुमाइशखेत मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में जिलाधिकारी ने ध्वजारोहण किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के मूल्यों को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों और नागरिकों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर कार्य करने का आह्वान किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रभात फेरी से गुंजायमान हुआ नगर
समारोह से पूर्व विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने नगर में प्रभात फेरी निकाली, जिसमें देशभक्ति के नारों और गीतों से पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग गया। मुख्य कार्यक्रम में स्कूली बच्चों और सांस्कृतिक दलों ने देश की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक विविधता को दर्शाते मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
मेधावी विद्यार्थियों और उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं का सम्मान
समारोह के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिजनों, लोकतंत्र सेनानियों और उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इसके अलावा, अपने क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रतिभागी विद्यार्थियों को भी पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, विधायक पार्वती दास, नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा, मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, उप जिलाधिकारी प्रियंका रानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और आमजन उपस्थित रहे.



