Main Slideन्यूज़ निबंध

PIB Dehradun ने नागरिकों से हर घर तिरंगा अभियान में शामिल होने का किया आह्वान

विकसित भारत के निर्माण का लिया संकल्प

देहरादून,सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) देहरादून ने देशवासियों से हर घर तिरंगा अभियान में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाने और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया है। वर्ष 2022 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया यह अभियान अब एक व्यापक जन आंदोलन बन चुका है, जिसमें नागरिक तिरंगा यात्राओं, बाइक व साइकिल रैलियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से देशभक्ति का संदेश दे रहे हैं।

हमारा तिरंगा हमारा स्वाभिमान: संजीव सुंद्रियाल

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पीआईबी देहरादून के सहायक निदेशक संजीव सुंद्रियाल ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भारत के स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने दूरदर्शन देहरादून, आकाशवाणी तथा पीआईबी के समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों से अपील की कि वे नागरिकों को अपने-अपने घरों पर गर्व के साथ तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करें।

वंदे मातरम के 150 वर्ष को समर्पित कार्यक्रम

पीआईबी सहायक निदेशक ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि इस वर्ष यह अभियान वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर को समर्पित है। यह राष्ट्रीय जन आंदोलन हर नागरिक को देश की प्रगति में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने की निरंतर प्रेरणा प्रदान करता है।

नई टिहरी में केंद्रीय संचार ब्यूरो का विशेष आयोजन

अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए नई टिहरी में केंद्रीय संचार ब्यूरो देहरादून द्वारा विशेष प्रदर्शनी एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से ‘हर घर तिरंगा’, ‘विभाजन की विभीषिका’ और ‘वंदे मातरम’ जैसे विषयों पर देश के स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय ध्वज की विकास यात्रा और राष्ट्रभक्ति की भावना से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को प्रदर्शित किया जाएगा।

स्वच्छ और सतत भारत निर्माण की प्रतिबद्धता

इस अवसर पर दूरदर्शन देहरादून, आकाशवाणी और पीआईबी देहरादून के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से एक स्वच्छ, स्वस्थ और सतत भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Related Articles

Back to top button