मानसून सत्र के पहले दिन पूर्व विधायक मुन्नी देवी को मुख्यमंत्री धामी ने दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन थराली की पूर्व विधायक स्वर्गीय मुन्नी देवी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुन्नी देवी का जीवन हमेशा जनसेवा और समाज कल्याण के प्रति समर्पित रहा।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय मुन्नी देवी की जनसेवा की भावना का उल्लेख करते हुए वर्ष 2021 में नारायणबगड़ के डुंगरी गांव में आई आपदा का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि आपदा पीड़ितों से मिलने के लिए जब वह अपने सहयोगियों के साथ डुंगरी गांव जा रहे थे, तब खराब स्वास्थ्य के बावजूद भी मुन्नी देवी उन्हें लेने के लिए आधे रास्ते तक आ गई थीं। यह घटना उनकी जनसेवा के प्रति अटूट लगन को दर्शाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुन्नी देवी का चेहरा बीमारी की अवस्था में भी अद्भुत शांति और तेज से भरा था। अपने अंतिम दिनों में भी वह अपने क्षेत्र के लोगों के लिए चिंतित थीं। उन्होंने राजनीति में महिलाओं के योगदान, ग्रामीण शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कार्य किए।
मुन्नी देवी के निधन से राजनीति में आया खालीपन
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मुन्नी देवी ने न सिर्फ थराली विधायक और जिला पंचायत अध्यक्ष चमोली के रूप में अपनी जिम्मेदारियों को निभाया, बल्कि वह हमेशा जनता से सीधे जुड़ी रहीं। उनके निधन से उत्तराखंड की राजनीति में एक बड़ा खालीपन आया है, जिसे भरना मुश्किल है। उनका जीवन राजनीति से परे, महिलाओं के सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास को समर्पित था। PHOTO – DIPR Utrrrakhand



