Manthan-2025: उत्तराखंड में मातृशक्ति का उदय, CM धामी ने महिला उद्यमियों को दिया ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ का मंत्र

Manthan-2025 देहरादून , मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून स्थित मुख्य सेवक सदन में बिजनेस उत्तरायणी संस्था द्वारा आयोजित ‘Manthon-2025: 5th National Leader’s Summit (Women’s Special)’ में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस भव्य समिट में सीएम धामी ने स्टार्टअप, आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार के क्षेत्र में मिसाल पेश करने वाली प्रदेश की जांबाज महिलाओं को सम्मानित किया।
Manthan 2025“नारी तू नारायणी”: पीएम मोदी के विजन से सशक्त हो रही महिलाएं
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश “नारी तू नारायणी” के मंत्र पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, “आज की नारी शक्ति केवल घर तक सीमित नहीं है, बल्कि सेना से लेकर विज्ञान और उद्योग तक अपनी पहचान बना रही है।” सीएम ने संसद में 33% महिला आरक्षण, लखपति दीदी योजना और उज्ज्वला योजना जैसी क्रांतिकारी पहलों का जिक्र करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण का नया युग बताया।

उत्तराखंड की 1.68 लाख बहनें बनीं ‘लखपति दीदी’
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की मातृशक्ति की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए कुछ महत्वपूर्ण आंकड़े साझा किए:
- लखपति दीदी: राज्य की 1 लाख 68 हजार से अधिक महिलाएं अब ‘लखपति दीदी’ बनकर आत्मनिर्भरता का इतिहास रच रही हैं।
- स्वयं सहायता समूह: प्रदेश में 70 हजार स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं, जिनसे लगभग 5 लाख महिलाएं जुड़ी हुई हैं।
- आरक्षण: राज्य सरकार ने महिलाओं के लिए सरकारी नौकरियों में 30% क्षैतिज आरक्षण (Horizontal Reservation) सुनिश्चित किया है।
‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड से मिलेगी वैश्विक पहचान
महिला समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार दिलाने के लिए सीएम ने ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ (House of Himalayas) अम्ब्रेला ब्रांड के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अब उत्पादों की प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और मार्केटिंग के लिए एक मजबूत इकोसिस्टम तैयार कर रही है, ताकि ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए पहाड़ी उत्पादों को दुनिया भर में पहुंचाया जा सके।
स्टार्टअप रैंकिंग में उत्तराखंड का दबदबा
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड को ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में ‘एचीवर्स’ और स्टार्टअप रैंकिंग में ‘लीडर्स’ की श्रेणी प्राप्त हुई है। इसमें महिला उद्यमियों द्वारा शुरू किए गए टेक, एग्री-टेक और डिजिटल स्टार्टअप्स का बड़ा योगदान है। सीएम ने यह भी दोहराया कि समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना है, जो महिलाओं के अधिकारों की रक्षा की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
प्रमुख उपस्थिति
समिट में राज्य स्तरीय महिला उद्यमिता परिषद की उपाध्यक्ष श्रीमती विनोद उनियाल, वीरेंद्र सेमवाल, गंगा बिष्ट, कर्नल डी.पी. डिमरी, मधु भट्ट, गीता खन्ना और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।



