KitchenNews:अब पाइप वाली गैस PNG चुनना आपकी पसंद नहीं जरूरी हो गया है
अब गैस पाइपलाइन बिछाने के काम में कोई भी रुकावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी
PNG गैस कनेक्शन अनिवार्य नियम 2026:अगर आप भी खाना पकाने के लिए रसोई गैस सिलेंडर (LPG) का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है। सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है जो आपके घर के बजट और खाना पकाने के तरीके को पूरी तरह बदल सकता है। अब उन इलाकों में LPG सिलेंडर की सप्लाई बंद कर दी जाएगी जहाँ पाइप वाली नेचुरल गैस (PNG) की सुविधा मौजूद है।
3 महीने के भीतर PNG पर शिफ्ट होना अनिवार्य
पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय के नए आदेश के मुताबिक, जिन इलाकों में पाइपलाइन बिछ चुकी है, वहाँ के परिवारों को अब अनिवार्य रूप से PNG कनेक्शन लेना होगा। नोटिफिकेशन जारी होने के बाद आपके पास केवल तीन महीने का समय होगा। यदि इस समय सीमा के भीतर आप PNG कनेक्शन नहीं लेते हैं, तो आपकी LPG गैस की सप्लाई काट दी जाएगी। अब पाइप वाली गैस चुनना आपकी पसंद नहीं, बल्कि एक मजबूरी बन गया है।
क्यों लिया गया यह बड़ा फैसला?
भारत इस समय एलपीजी (LPG) की कमी से जूझ रहा है। पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध की वजह से गैस की अंतरराष्ट्रीय सप्लाई प्रभावित हुई है। इसी संकट से निपटने के लिए सरकार अब स्वदेशी और भरोसेमंद पाइप वाली नेचुरल गैस (PNG) को बढ़ावा दे रही है। PNG का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इसका उत्पादन देश के भीतर ही होता है और यह सीधे पाइप के जरिए आपकी रसोई तक पहुँचती है, जिससे सिलेंडर खत्म होने का डर नहीं रहता।
पाइपलाइन बिछाने के काम में आएगी तेजी
नए नियमों (Essential Commodities Act) के तहत अब गैस पाइपलाइन बिछाने के काम में कोई भी रुकावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
- तेजी से मंजूरी: हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में पाइपलाइन के लिए 3 दिनों के भीतर अनुमति देनी होगी।
- जल्द कनेक्शन: आवेदन करने के 48 घंटों के भीतर अंतिम छोर तक गैस कनेक्शन पहुँचाना होगा।
- कड़ी कार्रवाई: अगर कंपनियां अनुमति मिलने के 4 महीने के भीतर काम शुरू नहीं करती हैं, तो उन पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा।
किसे मिलेगी सिलेंडर रखने की छूट?
LPG की सप्लाई केवल उन्हीं घरों में जारी रहेगी जहाँ तकनीकी कारणों से PNG कनेक्शन देना संभव नहीं है। इसके लिए आपको गैस सप्लायर से एक ‘अनापत्ति प्रमाण पत्र’ (NOC) लेना होगा। सरकार का मुख्य उद्देश्य उन शहरों में LPG की खपत कम करना है जहाँ पाइपलाइन पहुँच चुकी है, ताकि उस गैस को दूर-दराज के गाँवों तक पहुँचाया जा सके।
families-residing-in-areas-where-pipelines-have-already-been-laid-will-now-be-required-to-obtain-a-png-connection



