Main Slideन्यूज़ निबंध

देहरादून में भाजपा का कुनबा बढ़ा कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं ने ग्रहण की सदस्यता

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के साथ ही प्रदेश में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। देहरादून स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित एक बड़े सदस्यता कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस को तगड़ा झटका लगा है। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के कई प्रभावशाली चेहरों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

पार्टी में शामिल होने वाले प्रमुख नामों में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी राणा, महिला कांग्रेस की वरिष्ठ उपाध्यक्ष और रुद्रपुर नगर पालिका की पूर्व चेयरमैन मीना शर्मा के साथ घनसाली के पूर्व विधायक प्रत्याशी दर्शन लाल आर्य शामिल हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इन सभी नेताओं का पार्टी का पटका पहनाकर और फूल मालाओं के साथ औपचारिक स्वागत किया।

इस मौके पर भाजपा मुख्यालय में सुबह से ही काफी उत्साह देखा गया। सदस्यता अभियान को लेकर पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी बेहद सक्रिय नजर आए। महेंद्र भट्ट ने इस अभियान पर खुशी जताते हुए कहा कि चुनाव से पहले बड़े स्तर पर लोगों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अभियान के माध्यम से केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की धामी सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

विपक्षी दल पर हमला बोलते हुए महेंद्र भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि भाजपा का दामन थाम रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस केवल जनता को गुमराह करने का प्रयास करती है, जिसका परिणाम उसे भुगतना पड़ रहा है।

महेंद्र भट्ट ने यह भी संकेत दिया कि आने वाले समय में कांग्रेस का एक बहुत बड़ा समूह भाजपा में शामिल हो सकता है, जिसकी सूची पहले से तैयार है। उन्होंने आत्मविश्वास जताते हुए कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ अपनी सरकार बनाएगी और कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ेगा।

Related Articles

Back to top button