नितिन नवीन आए उत्तराखंड भाजपा में नई ऊर्जा लाए : विधानसभा चुनाव 2027′ जीत की हैट्रिक’ का दिया का मंत्र,

देहरादून,भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड प्रवास के दौरान आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पहली बार आगमन पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-दमाऊं, पारंपरिक वाद्ययंत्रों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। इस प्रवास के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ कोर कमेटी और मंत्री समूह की महत्वपूर्ण बैठकें लीं और बूथ प्रबंधन को मजबूत करने के लिए आवश्यक टिप्स दिए।
नितिन नवीन ने चुनावी जीत का मूल मंत्र देते हुए कहा कि देवतुल्य जनता और कर्मठ कार्यकर्ताओं के दम पर भाजपा उत्तराखंड में जीत की हैट्रिक का नया इतिहास रचेगी। उन्होंने संगठन को स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी चुनावों को देखते हुए बूथ स्तर पर काम को और अधिक धार दी जाए।
इस बैठक के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने आगामी कार्ययोजना की जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व के लोकसभा और विधानसभा चुनावों में जिन बूथों पर पार्टी उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा था, उन्हें मजबूत करने के लिए विशेष टीम गठित की जाएगी। इसके लिए एक व्यापक प्रवास कार्यक्रम तैयार किया गया है, जिसके तहत जून, जुलाई और अगस्त के महीनों में कोर कमेटी के सभी सदस्य दो-दो दिन के प्रवास पर विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जाएंगे।
इस प्रवास के दौरान प्रदेश कोर कमेटी के सदस्य संबंधित विधानसभा की कोर कमेटी के साथ गहन संवाद करेंगे और सीधे बूथ स्तर पर जाकर जमीनी रणनीति तैयार करेंगे। इसके साथ ही, ये सदस्य स्थानीय जनता से मिलकर उनकी समस्याओं का फीडबैक लेंगे और सरकार को उनके त्वरित निराकरण के लिए आवश्यक सुझाव देंगे। पार्टी जल्द ही सभी सदस्यों के प्रभाव और अनुभव के अनुसार विधानसभाओं की जिम्मेदारी तय करेगी। रणनीति के तहत प्रतिद्वंद्वी पार्टियों की कार्य योजनाओं को परखते हुए भाजपा अपने आगामी कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाएगी।



