देहरादून में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती पर भव्य आयोजन, भगत सिंह कोश्यारी का हुआ नागरिक अभिनंदन

देहरादून: होल्कर एजुकेशनल ट्रस्ट, देवी अहिल्याबाई होल्कर उत्सव समिति (उत्तराखंड) और एडिफाई वर्ल्ड स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में लोकमाता पुण्यश्लोक देवी अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस भव्य कार्यक्रम में धार्मिक अनुष्ठान, सम्मान समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, शिक्षाविदों और समाजसेवियों ने हिस्सा लिया।

दिग्गज हस्तियों की उपस्थिति और पूर्व सीएम का अभिनंदन
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा रहे। इस विशेष अवसर पर पद्म भूषण से सम्मानित उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी का समिति की ओर से नागरिक अभिनंदन किया गया। विशिष्ट अतिथि के रूप में उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति लोकपाल सिंह मौजूद रहे। वहीं मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष डॉ. विनय कुमार रूहेला ने मुख्यमंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल छतरी पाल महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय सिंह पाल ने की।
धार्मिक अनुष्ठान के साथ महान शासक को याद किया
कार्यक्रम की शुरुआत पार्थिव शिवलिंग पूजन, महारुद्राभिषेक, वैदिक मंत्रोच्चार और महाआरती के साथ हुई। वक्ताओं ने देवी अहिल्याबाई होल्कर के आदर्श शासन, न्यायप्रियता, महिला सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी कार्यों पर प्रकाश डाला। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने देशभर में मंदिरों, घाटों और तीर्थस्थलों का जीर्णोद्धार कराकर भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा के संरक्षण में अमूल्य योगदान दिया, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
55 विभूतियों और मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘देवी अहिल्याबाई होल्कर सम्मान समारोह’ रहा, जिसमें शिक्षा, चिकित्सा, सामाजिक सेवा, पर्यावरण और संस्कृति जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट काम करने वाली 55 विशिष्ट विभूतियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही एडिफाई वर्ल्ड स्कूल के शैक्षणिक सत्र 2025-26 के मेधावी विद्यार्थियों और समर कैंप के प्रतिभागियों को भी प्रमाण-पत्र और स्मृति चिन्ह देकर उनका हौसला बढ़ाया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और महाप्रसाद
स्कूल के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने वहां मौजूद सभी लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के समापन पर एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं और अतिथियों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में एडवोकेट पंकज होल्कर, अनिल कुमार पाल, डी.के. पाल, स्कूल के प्रधानाचार्य प्रदीप गौड़ सहित समिति के तमाम सदस्यों और गणमान्य नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



