देहरादून में मानसून की तैयारियां तेज, डीएम डॉ. आशीष चौहान ने प्राथमिकता वाले कार्यों के लिए दी 7 जून की डेडलाइन

देहरादून: मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने और जनजीवन को सुरक्षित रखने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने रविवार को एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में सड़क, विद्युत, पेयजल, सिंचाई, नगर निगम, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी जरूरी कार्य पूरी ईमानदारी और समयबद्धता के साथ पूरे करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई, विभागों को टास्क फोर्स बनाने के निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल होना जरूरी है, ताकि आपदा की चुनौतियों का सामना किया जा सके। उन्होंने हर विभाग को अपने स्तर पर टास्क फोर्स, कंट्रोल रूम और वार रूम बनाने के निर्देश दिए ताकि जनता की शिकायतों का तुरंत समाधान हो सके। उन्होंने चेतावनी दी कि विभागों के बीच आपसी तालमेल की कमी के कारण यदि कामों में कोई रुकावट आई, तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सड़कों की मरम्मत और जलभराव रोकने के लिए समय सीमा तय
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पर्याप्त मैनपावर और मशीनरी लगाकर सड़कों पर चल रहे जनहित के प्राथमिकता वाले सभी काम हर हाल में 7 जून तक पूरे कर लिए जाएं। काम पूरा होने के बाद ये सड़कें तुरंत लोक निर्माण विभाग को सौंपी जाएं ताकि उनकी मरम्मत और पैचवर्क का काम शुरू हो सके। इसके अलावा उन्होंने मानसून से पहले नदियों, नहरों और बरसाती नालों की सफाई व चौनलाइजेशन का काम पूरा करने को कहा ताकि पानी का बहाव न रुके। राष्ट्रीय राजमार्ग, पीएमजीएसवाई और लोक निर्माण विभाग को सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने तथा नालियों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
संवेदनशील इलाकों में तैनात होंगी टीमें
जलभराव की समस्या से निपटने के लिए जिलाधिकारी ने संवेदनशील क्षेत्रों में त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। नदी किनारे की बस्तियों, विकासनगर और ऋषिकेश जैसे इलाकों में वाटर पंप के साथ टास्क फोर्स तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को प्रमुख चौराहों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर सीधे फीडबैक लेंगे डीएम
सीएम हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने लेवल-1 की शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग और समय पर निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान की जमीनी हकीकत जानने के लिए वे खुद शिकायतकर्ताओं से फोन पर फीडबैक लेंगे। इसके लिए जिला स्तर पर कॉल ऑपरेटर की व्यवस्था करने को कहा गया है। इस बैठक में अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता ओम पाल सिंह, सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता संजय रॉय सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



