Main Slideन्यूज़ निबंध

चारधाम यात्रा के प्रबंधन में मददगार साबित हो रहा कमांड कंट्रोल रूम

चौबीस घंटे निगरानी के साथ हजारों शिकायतों का हुआ निपटारा

देहरादून,मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के गढ़ीकैंट स्थित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर द्वारा बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा रही है। अत्याधुनिक तकनीक से लैस यह कंट्रोल रूम चौबीस घंटे पांचों धामों में कैमरों के माध्यम से यात्रियों की निगरानी कर रहा है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की समस्याओं के तुरंत समाधान और पूरी यात्रा के सुचारू संचालन की सतत मॉनिटरिंग में यह व्यवस्था एक बड़ा जरिया साबित हो रही है।

चारधाम यात्रा के लिए अब तक पचास लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने अपना पंजीकरण करा लिया है, जबकि छब्बीस लाख से अधिक यात्री पांचों धाम के दर्शन भी कर चुके हैं। कंट्रोल रूम में पैंतीस से अधिक कर्मचारी चार अलग-अलग शिफ्टों में कार्य करते हुए यात्रा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। इसके साथ ही उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के स्तर पर भी कंट्रोल रूम के चार सदस्य यात्रा की लगातार मॉनिटरिंग में सहयोग दे रहे हैं।

यात्रियों की सुविधा के लिए स्थापित इस विशेष कंट्रोल रूम द्वारा अब तक पैंतालीस हजार से अधिक शिकायतों और पूछताछ के मामलों का सफल निस्तारण किया जा चुका है। इनमें हेलीकॉप्टर सेवा से संबंधित चार हजार चार सौ उनहत्तर, यात्रा पंजीकरण से जुड़ी इकतीस हजार नौ सौ बयालीस, वाहन पंजीकरण की एक हजार तीन सौ सत्तर, बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति की पूजा व्यवस्था संबंधी दो सौ सत्तर, जीएमवीएन टूर से जुड़ी दो सौ इकसठ तथा अन्य सात सौ पचासी शिकायतों का त्वरित समाधान शामिल है। इस केंद्र के जरिए मौसम विभाग द्वारा दी जा रही सटीक जानकारी को यात्रा का रजिस्ट्रेशन करा चुके श्रद्धालुओं तक व्हाट्सएप संदेशों के माध्यम से भी पहुंचाया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर इस बार यात्रा में सरकार द्वारा लागू की गई विशेष पंजीकरण व्यवस्था से फर्जी रजिस्ट्रेशन पर प्रभावी रोक लगी है, जिससे संपूर्ण यात्रा प्रबंधन अधिक पारदर्शी और सुचारू हुआ है।

पर्यटन उप निदेशक एवं चार धाम यात्रा कंट्रोल रूम के नोडल अधिकारी अमित लोहनी ने बताया कि आगामी मानसून के मद्देनजर चार धाम यात्रा को सरल, सुगम व सुखद बनाने के लिए उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के कार्यालय में चौबीस घंटे का कॉल सेंटर स्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि इस सेंटर का मुख्य उद्देश्य यही है कि चार धाम यात्रा में आ रहे श्रद्धालुओं को अपने पंजीकरण की स्थिति के साथ-साथ यात्रा मार्ग की अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में भी सटीक जानकारी मिल सके।

उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान समय तक पैंतालीस हजार से अधिक कॉल प्राप्त की जा चुकी हैं और उनका सफलतापूर्वक निस्तारण भी किया जा चुका है। इस कॉल सेंटर में जो भी शिकायतें आ रही हैं, उन्हें तुरंत संबंधित विभागों के साथ साझा कर दूर किया जा रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार पंजीकृत यात्रियों को समय-समय पर मौसम के अपडेट भेजे जा रहे हैं, जिससे यह व्यवस्था सभी सहयोगी विभागों के लिए बहुत मददगार साबित हो रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सतत प्रयासों का ही नतीजा है कि कंट्रोल रूम के माध्यम से यात्रियों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

Related Articles

Back to top button