Rishikesh:सेवा पखवाड़ा का भव्य आयोजन, हजारों लोगों को मिला जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ

Rishikesh:आईडीपीएल ग्राउंड में शनिवार को सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस बड़े आयोजन में 20 हजार से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में पहुंचे विभिन्न क्षेत्रों के नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर राज्यपाल और मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया और मुख्यमंत्री को उनके कार्यकाल के सफलतम 5 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी। इस सेवा पखवाड़े के दौरान साढ़े तीन हजार से अधिक लोगों ने सीधे तौर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाया।
कार्यक्रम के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में देहरादून, हरिद्वार और टिहरी जनपदों के अलग-अलग विभागों ने एक साथ मिलकर सेवाएं दीं। एकीकृत प्रयास के जरिए आम जनता की समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया गया और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं के लाभ सौंपे गए। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर लोगों को न केवल कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, बल्कि तुरंत उनका लाभ भी दिया गया, जिससे नागरिकों को एक ही जगह पर कई सुविधाएं मिल सकीं।
शिविर में आयोजित विशाल स्वास्थ्य कैंप में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने गंभीर और पुरानी बीमारियों से पीड़ित 1009 मरीजों की जांच और उपचार किया। इसमें 212 हड्डी रोगियों, 70 स्त्री रोगियों और 81 आंख, नाक व कान के मरीजों का परीक्षण किया गया। इसके अलावा 13 बच्चों का टीकाकरण हुआ, 15 आयुष्मान कार्ड और 20 आभा कार्ड बनाए गए। शिविर में 95 एक्स-रे और 70 खून की जांचें भी की गईं। आयुष विभाग ने 310 लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें मुफ्त दवाइयां बांटीं और 23 लोगों के विकलांग प्रमाण पत्रों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया गया।
समाज कल्याण विभाग की ओर से विधवा, वृद्धावस्था और दिव्यांग श्रेणी के 75 लोगों की पेंशन मौके पर ही मंजूर की गई, जबकि 10 लोगों को यूडीआईडी कार्ड जारी किए गए। इसके साथ ही 280 दिव्यांगों को सहायक उपकरण बांटे गए। कृषि, उद्यान, उद्योग, डेयरी, मत्स्य, रेशम, पशुपालन और लीड बैंक जैसे विभागों ने मिलकर करीब 1200 से अधिक लाभार्थियों को अपनी विभागीय योजनाओं का लाभ पहुंचाया।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने राज्य में बेहतरीन कार्य करने वाले लघु उद्योगों, स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित कर उनकी हौसलाअफजाई की। सहकारिता विभाग के तहत रजिस्टर्ड पांच स्वयं सहायता समूहों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए मुख्यमंत्री ने 5-5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया।
इसके साथ ही कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग से ट्रेनिंग लेने के बाद अल्मोड़ा, देहरादून और टिहरी जनपद के तीन युवाओं का जापान में नौकरी के लिए चयन होने पर मुख्यमंत्री ने उन्हें सम्मानित किया। इन युवाओं को लगभग 1 लाख रुपये प्रति माह के पैकेज पर रोजगार मिला है, जिसे राज्य के अन्य युवाओं के लिए एक प्रेरणादायी उपलब्धि बताया गया। समारोह में मत्स्य, उद्यान, डेयरी और उद्योग विभाग के सात अन्य लाभार्थियों को भी उनके क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम और उपलब्धियों के लिए राज्यपाल और मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया।



