चम्पावत विजन को नई दिशा :लोहाघाट क्षेत्र मास्टर प्लान-2041 पर DM मनीष कुमार ने जनता से मांगे सुझाव

लोहाघाट,मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदर्श चम्पावत विजन को साकार करने की दिशा में लोहाघाट नगर पालिका, कोलीढेक, कालीगाँव, पाटन-पाटनी एवं पऊगांव क्षेत्र के लिए प्रस्तावित मास्टर प्लान (नगर नियोजन)-2041 के प्रारूप पर जनसुझाव एवं आपत्तियां प्राप्त करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक नगर पालिका अध्यक्ष गोविन्द वर्मा की अध्यक्षता तथा जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशन में संपन्न हुई।
बैठक में क्षेत्र के सुनियोजित एवं संतुलित विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मास्टर प्लान का उद्देश्य पूरे क्षेत्र का योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित करना है, जिससे भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मास्टर प्लान से स्थानीय कृषि एवं बागवानी कार्यों पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आपदा की दृष्टि से बेहद संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षित एवं वैज्ञानिक विकास सुनिश्चित करने में यह मास्टर प्लान अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।
जिलाधिकारी ने आगे कहा कि यदि किसी भी नागरिक के मन में इस मास्टर प्लान को लेकर कोई शंका, आपत्ति अथवा सुझाव है, तो वह तीस जुलाई दो हजार छब्बीस तक जनपद मुख्यालय, संबंधित तहसील अथवा विकासखंड स्तर पर अपना लिखित सुझाव आसानी से प्रस्तुत कर सकता है। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि प्राप्त सुझावों एवं आपत्तियों का पूरी गंभीरता से परीक्षण किया जाएगा तथा आवश्यक होने पर जनहित को ध्यान में रखते हुए मास्टर प्लान के प्रारूप में जरूरी संशोधन भी किया जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष गोविन्द वर्मा ने कहा कि सुनियोजित विकास के माध्यम से लोहाघाट नगर पालिका को एक आदर्श नगर पालिका के रूप में विकसित किया जायेगा। उन्होंने क्षेत्र के सभी गणमान्य नागरिकों एवं आमजन से अपील की कि वे इस प्रक्रिया में सकारात्मक सहभागिता निभाते हुए अपने बहुमूल्य सुझाव प्रशासन को अवश्य उपलब्ध कराएं।
बैठक में मास्टर प्लान के कंसलटेंट अहराद खान ने प्रस्तावित मास्टर प्लान की तकनीकी व व्यावहारिक जानकारियां देते हुए बताया कि इसके अंतर्गत उच्च शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, आधुनिक ड्रेनेज , एसटीपी, चौड़ी सड़कें, प्रमुख पर्यटन स्थलों का विकास, पर्यावरण संरक्षण, नदी संरक्षण सहित विभिन्न आधारभूत एवं नागरिक सुविधाओं के समग्र विकास का ठोस प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि मास्टर प्लान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र का व्यवस्थित, सुरक्षित, पर्यावरण-अनुकूल एवं भविष्य उन्मुख विकास सुनिश्चित करना है। बैठक में उपस्थित स्थानीय नागरिकों ने भी विभिन्न विषयों पर अपने महत्वपूर्ण सुझाव एवं विचार साझा किए।
इस बैठक में दर्जा राज्य मंत्री सुभाष बगौली, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल महारा, भाजपा कार्यकारिणी सदस्य सतीश पांडे, नवीन मुरारी सहित अधिशासी अधिकारी नगर पालिका लोहाघाट सौरभ नेगी, पाटी से कमल सिंह मेहता सहित विभिन्न वार्डों के सभासद, जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान एवं स्थानीय लोग मुख्य रूप से उपस्थित रहे।



