Main Slideन्यूज़ निबंध

नशा मुक्त उत्तराखंड के लिए उपचार और पुनर्वास सेवाओं को प्रभावी बनाने पर जोर

देहरादून,नशा मुक्त उत्तराखंड के लक्ष्य को साकार करने के लिए उपचार एवं पुनर्वास सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। इस संबंध में समाज कल्याण विभाग के निदेशक संजय कुमार ने मंगलवार को विभाग द्वारा संचालित राजकीय नशा मुक्ति केंद्र, रायवाला का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध उपचार, परामर्श, पुनर्वास, चिकित्सीय सुविधाओं, साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था तथा सभी जरूरी अभिलेखों के रखरखाव का गहन अवलोकन किया।

निदेशक ने केंद्र में भर्ती लाभार्थियों से सीधे संवाद कर उनके स्वास्थ्य, उपचार एवं पुनर्वास संबंधी अनुभवों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि प्रत्येक लाभार्थी को गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध एवं संवेदनशील सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने इस बात को रेखांकित किया कि नशे की समस्या केवल व्यक्ति विशेष तक सीमित नहीं रहती, बल्कि इसका गहरा प्रभाव उसके पूरे परिवार एवं समाज पर भी पड़ता है। इसलिए नशा मुक्ति केंद्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। इन केंद्रों को केवल उपचार तक सीमित न रखकर प्रभावी परामर्श एवं पुनर्वास का भी एक मजबूत केंद्र बनाया जाना चाहिए।

उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाज में नशा मुक्ति के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने, पुनर्वास सेवाओं को सुदृढ़ करने तथा केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की गुणवत्ता को निरंतर बेहतर बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र में स्वच्छता, अनुशासन एवं तय मानकों के अनुरूप सेवाएं सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।

इस निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान संयुक्त निदेशक समाज कल्याण जी. आर. नौटियाल, उपनिदेशक वासुदेव आर्य, जिला समाज कल्याण अधिकारी देहरादून दीपांकर घिल्डियाल तथा राजकीय नशा मुक्ति केंद्र रायवाला की केंद्र प्रभारी डॉ. वैशाली मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। उपस्थित अधिकारियों ने निदेशक को केंद्र की वर्तमान कार्यप्रणाली, अब तक की उपलब्धियों तथा वहां संचालित की जा रही विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। निरीक्षण के बाद समाज कल्याण विभाग ने एक बार फिर अपना संकल्प दोहराया कि राज्य में नशा मुक्ति एवं पुनर्वास सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाते हुए नशा मुक्त उत्तराखंड के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।

Related Articles

Back to top button