Main Slideन्यूज़ निबंध

रुद्रपुर,ऊधम सिंह नगर 15 August : DM नितिन सिंह भदौरिया ने ध्वजारोहण करके शहीदे आजम ऊधम सिंह को किया नमन

Manish Chandra @mbi

रुद्रपुर,ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में 80वां स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय पर्व के रूप में अत्यंत हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने ध्वजारोहण किया, जबकि विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी द्वारा तिरंगा फहराया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को संविधान की रक्षा, जल संचय और पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। तत्पश्चात अधिकारियों ने शहीदे आजम उधम सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों और वीर नारियों का सम्मान

कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, उनके परिजनों और वीर नारियों को अंगवस्त्र व फूलमाला भेंटकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में अमरजीत सिंह, इन्द्रासन यादव, आनंद मणि रतूड़ी, प्रकाश, हरवंश सिंह, परमेश्वर, कमलेश त्रिपाठी, वर्मानंद, सुमन, श्रवण कुमार, वीर माता लक्ष्मी देवी और वीर नारी मंजू रावत शामिल रहे।

पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक विकास का आह्वान

समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हमें स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार करने के लिए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना होगा। उन्होंने युवाओं से अपना लक्ष्य निर्धारित कर समाज निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की।

जिलाधिकारी ने घोषणा की कि युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और राज्य आंदोलनकारियों के संघर्षों से अवगत कराने के लिए एक विशेष पुस्तिका का प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और खाद्य संरक्षण को हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी बताया।

ओपन क्रॉस कंट्री रेस का आयोजन और विजेताओं को पुरस्कार

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खेल विभाग की ओर से प्रात:काल ओपन क्रॉस कंट्री रेस का आयोजन किया गया, जिसे जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

बालक वर्ग की दौड़ में पुष्कर चंद्र ने प्रथम, केवल चम्याल ने द्वितीय और अमित कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में खुशी गोस्वामी प्रथम, गुंजन द्वितीय और गुरप्रीत कौर तृतीय स्थान पर रहीं। विजेता खिलाड़ियों को जिलाधिकारी द्वारा ट्रॉफी और ट्रैकसूट देकर सम्मानित किया गया। स्वतंत्रता दिवस के इस मौके पर डीएम नितिन सिंह भदोरिया द्वारा अधिकारियों और लोगों को जल संचयन और पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई इसकी आज चारों ओर सराहना हो रही है लोगों का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय उत्सव पर हमें अपनी प्रकृति और पर्यावरण की चिंता की तरफ लोगों का ध्यान आकर्षित कराना जनता में इस खास दिन विशेष तौर पर जन चेतना का संचार करेगा और उन्हें याद रहेगा कि हमें अपनी प्राकृतिक श्रोतों और संसाधनों के समुचित उपयोग एवं संरक्षण की जिम्मेदारी निभानी होगी

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, एसडीएम मनीष बिष्ट, ओसी हिमांशु कफल्टिया, जिला क्रीड़ा अधिकारी जानकी कार्की सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजन और कलेक्ट्रेट कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button