Main Slideन्यूज़ निबंध

‘बाला गौरिया’ : गोलज्यू महाराज के बाल जीवन पर आधारित फिल्म के टीजर-पोस्टर का सीएम धामी ने किया लोकार्पण

देहरादून,उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और लोक देवताओं की पावन परंपराओं पर आधारित बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बाला गौरिया’ का टीजर एवं पोस्टर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा मुख्यमंत्री आवास में जारी कर दिया गया। हिमाद्रि प्रोडक्शंस के बैनर तले बन रही यह फिल्म न्याय के देवता के रूप में पूजनीय ‘गोलज्यू महाराज’ (गुलज्यू) के बाल जीवन और लोक आख्यानों पर केंद्रित है।

अक्टूबर में रिलीज होगी फिल्म

फिल्म ‘बाला गौरिया’ का निर्देशन नितिन तिवारी और निर्माण मनोज चंदोला द्वारा किया गया है। यह फिल्म अक्टूबर 2026 के प्रथम सप्ताह में सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने की संभावना है।

लोकार्पण अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराएं और लोक देवता हमारी विशिष्ट पहचान हैं। ‘बाला गौरिया’ जैसी फिल्में नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पटल पर प्रस्तुत करने का सशक्त माध्यम बनेंगी।

उत्तराखंड को फिल्म शूटिंग हब बनाने की दिशा में प्रयास

मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को देश-विदेश के फिल्म निर्माताओं के लिए एक पसंदीदा शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित कर रही है। राज्य की नई फिल्म नीति के तहत सिंगल विंडो क्लीयरेंस, वित्तीय प्रोत्साहन और फिल्म सिटी निर्माण जैसे महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि फिल्म निर्माण और पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इससे न केवल प्रदेश की आर्थिकी को गति मिलेगी, बल्कि राज्य की बोलियों, कला और सुंदर पर्यटन स्थलों को भी नई अंतरराष्ट्रीय पहचान प्राप्त होगी।

फिल्म निर्माताओं से लोकगाथाओं पर काम करने का आह्वान

सीएम धामी ने अन्य फिल्म निर्माताओं से भी उत्तराखंड की पौराणिक कथाओं, लोक देवताओं और सांस्कृतिक धरोहरों पर आधारित प्रोजेक्ट्स पर काम करने का आग्रह किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि स्थानीय प्रतिभाओं और उत्तराखंड की संस्कृति को बढ़ावा देने वाले निर्माताओं को सरकार हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान फिल्म निर्माता मनोज चंदोला, फिल्म के कलाकार और पूरी प्रोडक्शन टीम के सदस्य मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button