मसूरी में अवैध निर्माण पर एमडीडीए का बड़ा एक्शन: बिना नक्शा पास बनाए जा रहे दो प्लेटफॉर्म सील

मसूरी / देहरादून, मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने क्षेत्र में अवैध निर्माण और बिना अनुमति प्लाटिंग के खिलाफ अपनी सख्त कार्रवाई जारी रखी है। प्राधिकरण द्वारा बिना स्वीकृत मानचित्र और अनुमति के किए जा रहे निर्माण कार्यों पर नियमपूर्वक कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को मसूरी क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
हनुमान मंदिर के पास अवैध निर्माण पर कार्रवाई
एमडीडीए के अनुसार, मसूरी-देहरादून मोटर मार्ग पर स्थित हनुमान मंदिर से आगे भूस्वामी हेमंत कुमार द्वारा बिना नक्शा पास कराए निर्माण कार्य कराया जा रहा था। प्राधिकरण की टीम ने निरीक्षण के दौरान पाया कि लोहे के चैनलों के सहारे दो अवैध प्लेटफॉर्म तैयार किए जा रहे थे।
प्राधिकरण ने भूस्वामी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था, लेकिन प्रस्तुत किया गया स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद एमडीडीए की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर बने दोनों प्लेटफॉर्मों को पूरी तरह सील कर दिया।
नियम उल्लंघन पर जारी रहेगी कार्रवाई: एमडीडीए उपाध्यक्ष
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण क्षेत्र में नियमानुसार और सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। बिना स्वीकृत मानचित्र या निर्धारित मानकों के विपरीत निर्माण करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी और किसी को भी नियमों के उल्लंघन की छूट नहीं दी जाएगी।
वहीं, एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि प्राधिकरण की प्रवर्तन टीमें लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही हैं। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य शुरू करने से पहले संबंधित विभाग से मानचित्र स्वीकृत अवश्य करा लें, ताकि बाद में सीलिंग जैसी कार्रवाई से बचा जा सके।




