देवीधुरा बग्वाल मेले में सीएम धामी ने किया रीता गहतोड़ी के काव्य संग्रह ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का विमोचन

चंपावत / देवीधुरा,उत्तराखंड के ऐतिहासिक एवं पौराणिक देवीधुरा बग्वाल मेले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तीलू रौतेली राज्य पुरस्कार से सम्मानित समाजसेवी एवं लेखिका रीता गहतोड़ी द्वारा रचित नए काव्य संग्रह ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का औपचारिक विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि देश की शौर्य गाथा, सरहदों पर तैनात वीर जवानों के अदम्य साहस और उनके परिजनों के त्याग को कविता के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है।
सशस्त्र बलों के त्याग और राष्ट्रप्रेम का जीवंत चित्रण
विमोचन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के माध्यम से सुश्री रीता गहतोड़ी ने देश की रक्षा में समर्पित वीरों के साहस, बलिदान और राष्ट्रप्रेम को अत्यंत मार्मिक एवं ओजस्वी शब्दों में पिरोया है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि इस तरह की साहित्यिक रचनाएं समाज में देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करती हैं और नई पीढ़ी को देश के प्रति कर्तव्यनिष्ठा, राष्ट्र प्रथम की सोच तथा वीर जवानों के योगदान से अवगत कराने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
प्रशासनिक अधिकारी एवं जन प्रतिनिधि रहे उपस्थित
देवीधुरा में आयोजित इस गरिमामय विमोचन समारोह के अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत तथा चंपावत के जिलाधिकारी मनीष कुमार सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।



