खटीमा में सीएम धामी ने सुनी जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित और पारदर्शी निस्तारण के निर्देश

उधम सिंह नगर /खटीमा,उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने खटीमा प्रवास के दौरान लोहियाहेड स्थित कैंप कार्यालय एवं हेलीपैड पर स्थानीय नागरिकों और जन-प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं और क्षेत्रीय विकास से जुड़े सुझावों को गंभीरता से सुना। जनसुनवाई के उपरांत उन्होंने उपस्थित प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों को सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण व त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि पर सरकार का फोकस
आमजन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार ‘सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि’ के मूल मंत्र को ध्यान में रखकर कार्य कर रही है। नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना प्रशासन का प्राथमिक दायित्व है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ अध्ययन कर प्रभावी निस्तारण किया जाए, ताकि आम जनता को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए सरकारी दफ्तरों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जनसेवा ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
वरिष्ठ अधिकारी एवं जन प्रतिनिधि रहे मौजूद
लोहियाहेड में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा राज्यमंत्री गंभीर सिंह धामी, मोहनी पोखरिया, रणजीत सिंह नामधारी, रणदीप पोखरिया, अमित पांडेय, उप जिलाधिकारी (SDM) तुषार सैनी सहित विभिन्न जिलास्तरीय अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



