Main Slideन्यूज़ निबंध

Champawat News पहाड़ी पैदावार समस्याओं पर चर्चा : युवा काश्तकारों ने डीएम मनीष कुमार से की मुलाकात

चम्पावत। जनपद चम्पावत के ग्राम धौन के युवा काश्तकारों ने कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय में पहुंचकर जिलाधिकारी मनीष कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र के युवा किसान चंद्रप्रकाश भट्ट तथा नारायण दत्त भट्ट ने जिलाधिकारी को अपने खेतों में उगाई जा रही स्थानीय पहाड़ी पैदावार, जैसे उन्नत किस्म के केले और ककड़ी आदि से परिचित कराया। किसानों ने क्षेत्र में की जा रही आधुनिक और पारंपरिक कृषि गतिविधियों की विस्तृत जानकारी भी साझा की।

जिलाधिकारी ने ग्रामीण युवाओं द्वारा स्थानीय स्तर पर कृषि के क्षेत्र में किए जा रहे अभिनव प्रयासों और उनकी कड़ी मेहनत की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि युवाओं का खेती की ओर रुझान स्थानीय अर्थव्यवस्था और पलायन रोकने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।

मुलाकात के दौरान काश्तकारों ने क्षेत्र में खेती-किसानी के दौरान आ रही व्यावहारिक समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष प्रमुखता से रखा। किसानों ने मुख्य रूप से जंगली जानवरों से फसलों को होने वाले नुकसान से बचाव के लिए तार-बाड़ (फेंसिंग) कराने और कृषि क्षेत्रों में सुरक्षा के दृष्टिगत सोलर स्ट्रीट लाइट स्थापित किए जाने की मांग की।

किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने उन्हें आश्वस्त किया कि शासन और प्रशासन स्तर से उनकी सभी मांगों का त्वरित समाधान किया जाएगा। उन्होंने मौके पर ही मुख्य कृषि अधिकारी और उरेडा (UREDA) विभाग को आवश्यक निर्देश जारी किए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों द्वारा उठाई गई समस्याओं का संज्ञान लेते हुए तत्काल धरातलीय स्तर पर प्रभावी कदम उठाए जाएं और काश्तकारों को राहत प्रदान की जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसानों की समस्याओं का समाधान शासन और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और युवा किसानों को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

Key words: Champawat News, District Magistrate Manish Kumar, Dhaun Village Farmers, Uttarakhand Agriculture News, Champawat Farmers Meet DM, Solar Street Light UREDA, Crop Protection Fencing Uttarakhand, Hill Produce Champawat, Uttarakhand Local News

Related Articles

Back to top button