Main Slideन्यूज़ निबंध

एशियन गेम्स 2026: सुनील कुमार ने ग्रीको रोमन रेसलिंग में जीता ब्रॉन्ज मेडल, रचा नया इतिहास

Asian Games 2026 Wrestling: एशियन गेम्स 2026 में बुधवार को भारतीय पहलवान सुनील कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। पुरुषों के 87 किलोग्राम ग्रीको रोमन रेसलिंग इवेंट में उन्होंने फिलीपींस के कैलम जॉनस्टन रॉबर्ट्स को ‘टेक्निकल सुपीरियरिटी’ के आधार पर 9-0 से करारी शिकस्त दी। इस एकतरफा जीत के साथ ही सुनील ने ब्रॉन्ज मेडल (कांस्य पदक) अपने नाम कर लिया।

लगातार दूसरा मेडल जीतकर बनाया खास रिकॉर्ड

27 वर्षीय सुनील कुमार एशियन गेम्स में दो ग्रीको रोमन रेसलिंग मेडल जीतने वाले पहले भारतीय पहलवान बन गए हैं। इससे पहले उन्होंने हांगझोऊ 2022 एशियन गेम्स में भी इसी भार वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। लगातार दूसरी बार पोडियम फिनिश कर सुनील ने इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया है।

महज 90 सेकंड में बनाई 5-0 की मजबूत बढ़त

नागोया सिटी इनाए स्पोर्ट्स सेंटर में खेले गए इस मुकाबले में सुनील ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने शुरुआती दांव-पेच में ही रॉबर्ट्स को दो बार पटखनी देकर 4 प्वाइंट्स हासिल कर लिए। इसके बाद प्रतिद्वंद्वी की निष्क्रियता (पैसिविटी) के कारण उन्हें 1 प्वाइंट और मिला। इस तरह मुकाबला शुरू होने के महज 90 सेकंड के भीतर ही उन्होंने 5-0 की बढ़त बना ली थी।

टेक्निकल सुपीरियरिटी से हासिल की एकतरफा जीत

मुकाबले में सुनील ने विरोधी खिलाड़ी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। उन्होंने एक और पैसिविटी का फायदा उठाकर स्कोर 7-0 कर दिया। इसके तुरंत बाद एक और सटीक स्कोरिंग मूव के जरिए 2 और प्वाइंट्स हासिल कर 9-0 की निर्णायक बढ़त बना ली। नियम के मुताबिक 9 प्वाइंट्स का अंतर होते ही मुकाबले को रोक दिया गया और सुनील को ‘टेक्निकल सुपीरियरिटी’ के आधार पर विजेता घोषित किया गया।

करियर में छह एशियन चैंपियनशिप मेडल जीत चुके सुनील कुमार की यह उपलब्धि भारत के लिए ग्रीको रोमन कुश्ती में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button