Bageshwar : सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम में उमड़ी भीड़, कपकोट विधायक सुरेश गढ़िया ने 140 लाभार्थियों को सौंपा योजनाओं का लाभ

बागेश्वर,मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ तथा ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के अंतर्गत गुरुवार को राजकीय इंटर कॉलेज, बाझजरौटी, बागेश्वर में सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में कपकोट विधायक सुरेश गढ़िया ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।

शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए थे, जहां आम जनता को विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया गया।
इस सेवा शिविर में कुल 170 स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया, जिनमें से 140 लाभार्थियों को विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त, कार्यक्रम के दौरान जनता से प्राप्त पांच विभिन्न शिकायतों का अधिकारियों द्वारा मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि 21 नए प्रमाण-पत्रों के लिए आवेदन भी प्राप्त किए गए।
इस अवसर पर विधायक सुरेश गढ़िया ने अपने संबोधन में राज्य सरकार द्वारा पिछले पांच वर्षों में विकास एवं जनकल्याण के क्षेत्र में किए गए ऐतिहासिक कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य अपनी सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पारदर्शी तरीके से पहुँचाना है। उन्होंने उपस्थित लोगों से सरकार की इन जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और जागरूक बनने का आह्वान किया।



