Main Slideन्यूज़ निबंध

Bageshwar Harela Festival: व्यापक पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प

Bageshwar Harela Festival:बागेश्वर,उत्तराखंड के पारंपरिक लोकपर्व हरेला के पावन अवसर पर गुरुवार को बागेश्वर के हरेला वन, जौलकांडे में एक भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश के शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन तथा जलागम प्रबंधन मंत्री और जनपद के प्रभारी मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का एक बड़ा संदेश दिया।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने सभी जनपदवासियों को हरेला पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्रकृति संरक्षण की भावना का प्रतीक हरेला पर्व हमें पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण के संतुलन, जल स्रोतों के संवर्धन एवं हरित उत्तराखंड के निर्माण के लिए पूरी निष्ठा से काम कर रही है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में संचालित “एक पेड़ मां के नाम” अभियान जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बेहद महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।

जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने भी जनपदवासियों को पर्व की बधाई देते हुए कहा कि बागेश्वर में पर्यावरण संरक्षण और जल स्रोतों के पुनर्जीवन के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि गरुड़ गंगा परियोजना सहित विभिन्न पर्यावरणीय पहलों के माध्यम से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं संवर्धन पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।

इस अवसर पर उपस्थित सभी अतिथियों ने आम नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके जीवित रहने तक उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा स्थानीय लोगों द्वारा विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। वन विभाग की ओर से इस मौके पर जनमानस को निःशुल्क पौधों का वितरण भी किया गया।

इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में राज्य स्तरीय अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट, उत्तराखंड जैविक उत्पाद परिषद के उपाध्यक्ष भूपेश उपाध्याय, विधायक बागेश्वर पार्वती दास, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विशाखा खेतवाल उपस्थित रहे। इनके साथ ही पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा, मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, जिलाध्यक्ष भाजपा प्रभा गढ़िया, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा इंद्र सिंह फर्स्वाण, ग्राम प्रधान जौलकांडे संदीप कुमार, नरेश उप्रेती, अशोक लोहनी, भेषज संघ अध्यक्ष संजय शाह जगाती, मथुरा प्रसाद, रेखा गोस्वामी, आदर्श कठायत, राजेंद्र परिहार, अंकित गोयल, भास्कर दास सहित वन विभाग के अधिकारी, समस्त जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button