Main Slideन्यूज़ निबंध

Champawat News:चौड़ाख्याली सीम तोक: ढाई किलोमीटर सड़क निर्माण, प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति, जल्द शुरू होगा काम

चम्पावत,मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दूरस्थ क्षेत्रों में कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनपद के सीमांत क्षेत्र चौड़ाख्याली के सीम तोक एवं कैन्यूड़ा तोक के संपर्क मार्गों की स्थिति का संज्ञान लिया है। उन्होंने संबंधित विभागों से इस संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण कार्य में तेजी लाने के आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

लोक निर्माण विभाग, चम्पावत के अधिशासी अभियंता मोहन चंद्र पलड़िया ने बैठक में अवगत कराया कि चौड़ाख्याली ग्राम के सीम तोक के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अंतर्गत दो दशमलव पांच किलोमीटर सड़क निर्माण की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।

उन्होंने बताया कि पूर्व में सड़क के स्वीकृत संरेखण (अलाइनमेंट) के दायरे में बड़ी संख्या में बांज के वृक्ष आने तथा स्थानीय स्तर पर आपसी सहमति न बन पाने के कारण निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका था। अब जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के संयुक्त प्रयासों से ग्रामीणों के बीच आपसी सहमति बन गई है। इसके साथ ही वन भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव भी तैयार कर लिया गया है, जिसे आगामी सप्ताह में अंतिम स्वीकृति हेतु ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड कर दिया जाएगा।

अधिशासी अभियंता ने आगे बताया कि चौड़ाख्याली के कैन्यूड़ा तोक, जो मुख्य सड़क से लगभग आठ किलोमीटर दूर स्थित है, को भी संपर्क मार्ग से जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत सर्वेक्षण का कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है। वन भूमि हस्तांतरण की अनुमति प्राप्त होते ही इस मार्ग पर भी अग्रिम विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क संपर्क सुविधाओं का विस्तार करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा करते हुए स्वीकृत सड़क परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि सीमांत क्षेत्रों के ग्रामीणों को जल्द से जल्द बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध हो सके।

Related Articles

Back to top button