गढ़वाली में बोले कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, ग्रामीण महिलाओं से किया सीधा संवाद

स्वयं सहायता समूहों को बताया ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़, कीवी उत्पादन और बांस प्लांटेशन को बढ़ावा देने पर दिया जोर
रुद्रप्रयाग, रुद्रप्रयाग जनपद के बच्छणचयू-काण्डई स्थित रेनबो पब्लिक स्कूल परिसर में शुक्रवार को ग्रामीण विकास, लघु एवं सूक्ष्म-मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्राम उद्योग मंत्री भरत सिंह चौधरी ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के साथ गढ़वाली बोली में जनसंवाद किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विभिन्न महिला समूहों की सदस्याओं ने भाग लेकर अपनी समस्याएं, सुझाव और आजीविका से जुड़े मुद्दे मंत्री के समक्ष रखे।
कैबिनेट मंत्री ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत महिलाओं को स्वरोजगार, उद्यमिता और आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक मजबूती मिलने के साथ-साथ सामाजिक सशक्तिकरण भी सुनिश्चित हो रहा है।
उन्होंने महिलाओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने और अन्य जरूरतमंद लोगों को भी इन योजनाओं से जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है और इसी लक्ष्य के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री ने बच्छणचयू क्षेत्र की प्राकृतिक विशेषताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां की जलवायु कीवी उत्पादन और बांस प्लांटेशन के लिए बेहद अनुकूल है। यदि स्थानीय स्तर पर संगठित प्रयास किए जाएं तो यह क्षेत्र रोजगार और स्वरोजगार का बड़ा केंद्र बन सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार कृषि आधारित उद्योगों और ग्रामीण उद्यमों को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है।
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा अब तक लगभग पांच लाख स्वयं सहायता समूहों को रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए ऋण सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है, जिससे लाखों परिवारों की आर्थिक स्थिति में सुधार आया है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह आज ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बन चुके हैं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी विकास की नई तस्वीर प्रस्तुत कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान तीन महिलाओं को लक्ष्मी किट भी वितरित की गई। वहीं सूचना विभाग की टीम ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया। कार्यक्रम का सफल संचालन पिंटू भंडारी ने किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कपरवाण, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला विकास अधिकारी अनीता पंवार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामप्रकाश, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट, पशुपालन अधिकारी डॉ. रचना थपलियाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अखिलेश मिश्रा, खंड विकास अधिकारी अगस्त्यमुनि सुरेश शाह, वाचस्पति सेमवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान तथा विभिन्न स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं मौजूद रहीं।



