चम्पावत समाचार: डीएम मनीष कुमार ने श्रमिकों को क्यों बांटी स्वच्छता और एजकेशन किट – पढ़िए

चंपावत,उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (UKBOCW) द्वारा चम्पावत के गोरलचौड़ मैदान में विशाल श्रमिक कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी मनीष कुमार ने की। कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय मुख्य अतिथि तथा दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। शिविर में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य, शिक्षा और स्वच्छता से जुड़ी कई योजनाओं का सीधा लाभ दिया गया।
मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य सुरक्षा योजना और मोबाइल मेडिकल यूनिट
शिविर के दौरान मुख्य अतिथि और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत आधुनिक मोबाइल मेडिकल यूनिट का शुभारंभ किया। इस सचल चिकित्सा वाहन के माध्यम से श्रमिक परिवारों को 44 प्रकार की स्वास्थ्य जांच सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण और परामर्श के साथ लाभार्थियों को डिजिटल माध्यम से तुरंत हेल्थ रिपोर्ट भी प्रदान की जाएगी। इस पहल से दूरदराज के श्रमिक परिवारों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंच सकेंगी।
श्रमिक परिवारों को मुफ्त शिक्षा किट और स्वच्छता सामग्री का वितरण
कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पंजीकृत श्रमिक परिवारों को शिक्षण और स्वच्छता सामग्री वितरित की गई। शिविर में कक्षा 1 से 12 तक पढ़ने वाले श्रमिक बच्चों को मुख्यमंत्री शिक्षण सामग्री योजना के तहत निःशुल्क एजुकेशन किट दी गई। साथ ही पात्र श्रमिकों को मुख्यमंत्री स्वच्छता सामग्री योजना के अंतर्गत हाइजीन किट प्रदान की गई। इस अवसर पर ममता देवी, सुनीता जोशी, हेमा जोशी, गंगा देवी, रेखा देवी, विनीता महर, पुष्पा देवी और संगीता देवी सहित अनेक पंजीकृत निर्माण श्रमिक परिवारों को सम्मानित और लाभान्वित किया गया।
डिजिटल सत्यापन और पारदर्शी प्रक्रिया
मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप शिविर की पूरी प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और ऑनलाइन रखा गया। लाभार्थियों का पंजीकरण, सत्यापन, सामग्री वितरण, जीपीएस आधारित उपस्थिति और फोटोग्राफी को ऑनलाइन सिस्टम के जरिए दर्ज किया गया। इससे योजनाओं के क्रियान्वयन में जवाबदेही तय होगी और पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध तरीके से सहायता पहुंचेगी।
जनप्रतिनिधियों और प्रशासन का संबोधन
दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय और हेमा जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के सर्वांगीण विकास, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए सत्यापन और पंजीकरण प्रक्रिया को और सुलभ बनाया जाए।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती, सहायक श्रम आयुक्त दीपक कुमार और श्रम प्रवर्तन अधिकारी देवेश पांडे सहित कई अधिकारी व बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।



