चारधाम यात्रा 2026 शुभारंभ: सीएम धामी ने ऋषिकेश से बसों को दिखाई हरी झंडी, श्रद्धालुओं का किया स्वागत

चारधाम यात्रा 2026: उत्तराखंड की विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 का आज आधिकारिक रूप से शुभारंभ हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश पहुंचकर संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति द्वारा आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंत्रोच्चार के बीच चारधाम जाने वाली पहली खेप की बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा शुरू होने के उत्साह के बीच सीएम धामी ने वहां मौजूद श्रद्धालुओं से मुलाकात की और उनका हाल-चाल जाना।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के लिए लगाए गए निशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों की स्वास्थ्य सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए। उन्होंने देश के विभिन्न कोनों से आए तीर्थयात्रियों का देवभूमि में स्वागत करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा मात्र एक सफर नहीं, बल्कि आस्था, साधना और आत्मा को परमात्मा से जोड़ने का एक पवित्र मार्ग है।
मुख्यमंत्री ने सरकार के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि राज्य प्रशासन का मुख्य लक्ष्य यात्रा को सुगम, सुरक्षित और दिव्य बनाना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि मां गंगा के आशीर्वाद से यह यात्रा हर वर्ष सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। सरकार हर श्रद्धालु को सुरक्षा और सम्मान के साथ एक अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
पर्यावरण संरक्षण पर ध्यान केंद्रित करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं से यात्रा मार्ग और धार्मिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में इस वर्ष उत्तराखंड सरकार ने ‘ग्रीन चारधाम यात्रा’ और ‘प्लास्टिक मुक्त केदारनाथ धाम’ का विशेष लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि देवभूमि की पवित्रता को अक्षुण्ण रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए सीएम ने बताया कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के शुरू होने से अब ऋषिकेश और हरिद्वार तक की पहुंच बेहद आसान हो गई है। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत पुनर्निर्माण कार्य तेजी से चल रहे हैं। वहीं, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने जानकारी दी कि यात्रियों की सुविधा के लिए केदारनाथ में अस्पताल तैयार है और जून तक बदरीनाथ में भी 50 बेड का आधुनिक अस्पताल बनकर तैयार हो जाएगा।



