चारधाम यात्रा 2026: श्रद्धालुओं के लिए परिवहन विभाग की बड़ी पहल, अब नारसन में मिलेगा एसी वेटिंग हॉल और केदारनाथ के लिए अतिरिक्त शटल सेवा

चारधाम यात्रा 2026:उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 को और अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए राज्य परिवहन विभाग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों के अनुरूप श्रद्धालुओं की सुख-सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए इस बार कई नए बदलाव किए गए हैं। आरटीओ प्रशासन संदीप सैनी ने तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि यात्रा मार्ग पर यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
चारधाम यात्रा 2026 :श्रद्धालुओं के लिए नारसन चेकपोस्ट पर आधुनिक सुविधाएं
दिल्ली और अन्य राज्यों से आने वाले लगभग 60 प्रतिशत वाहनों के दबाव को देखते हुए नारसन चेकपोस्ट पर एक आधुनिक एसी वेटिंग हॉल का निर्माण किया गया है। अक्सर ग्रीन कार्ड बनने की प्रक्रिया के दौरान यात्रियों को इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब वे इस हॉल में आराम कर सकेंगे। इसके साथ ही ऋषिकेश, नारसन और आशारोड़ी में ड्राइवरों के लिए भी विशेष विश्राम स्थल बनाए गए हैं ताकि वे थकान मुक्त होकर सुरक्षित वाहन चला सकें।
यातायात प्रबंधन के लिए विशेष प्रवर्तन दल
यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए 9 प्रवर्तन दलों की तैनाती की गई है। ये दल चौबीसों घंटे मार्ग की निगरानी करेंगे। ऋषिकेश और हरिद्वार जैसे मुख्य केंद्रों पर जाम की स्थिति न बने, इसके लिए बड़ी बसों की चेकिंग सत्यनारायण और हरबर्टपुर बस स्टैंड पर ही संपन्न कर ली जाएगी। इससे मुख्य यात्रा मार्ग पर वाहनों का दबाव कम रहेगा।
सोनप्रयाग से केदारनाथ के लिए शटल सेवा का विस्तार
केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत की खबर है कि सोनप्रयाग से संचालित होने वाली शटल सेवा में वाहनों की संख्या बढ़ाकर 250 कर दी गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए इसका किराया मात्र 50 रुपये तय किया गया है। इस कदम से यात्रियों को कम समय में और आसानी से सोनप्रयाग से आगे की यात्रा शुरू करने में मदद मिलेगी।
महिलाओं और बुजुर्गों के लिए विशेष इंतजाम
परिवहन विभाग ने इस बार मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के लिए विशेष वाहनों का संचालन करने का निर्णय लिया है। इन वाहनों की पहचान के लिए उन पर विशेष पोस्टर लगाए गए हैं। आरटीओ संदीप सैनी ने सभी तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पूर्णतः पालन करें और यात्रा के दौरान विभाग द्वारा जारी निर्देशों का सहयोग करें।



