खटीमा को मुख्यमंत्री धामी की सौगात,दीदी की लाइब्रेरी”, आधुनिक व्यायामशाला और सभागार का उद्घाटन,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने खटीमा दौरे के दौरान क्षेत्र को विकास की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने विकासखंड कार्यालय परिसर में लगभग 89 लाख रुपये की लागत से तैयार विभिन्न जनहित एवं युवा सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने 55 लाख रुपये की लागत से बनी आधुनिक “दीदी की लाइब्रेरी”, 7.50 लाख रुपये की लागत से नवीनीकृत व्यायामशाला भवन और 26.50 लाख रुपये से आधुनिकीकृत विकासखंड सभागार का उद्घाटन किया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को बेहतर शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि शिक्षा समाज की प्रगति का सबसे मजबूत आधार है और खटीमा में स्थापित “दीदी की लाइब्रेरी” विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए ज्ञान का प्रमुख केंद्र बनेगी।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण और सीमांत क्षेत्रों के प्रतिभाशाली छात्रों को अब बेहतर अध्ययन सामग्री और शांत वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि यह लाइब्रेरी केवल किताबों तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि युवाओं के सपनों को साकार करने का माध्यम बनेगी। साथ ही इसका संचालन स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जाएगा, जिससे महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने आधुनिक व्यायामशाला को युवाओं के स्वास्थ्य और फिटनेस के लिए अहम पहल बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “फिट इंडिया मूवमेंट” को आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार युवाओं को स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली की ओर प्रेरित कर रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में समान रूप से कार्य कर रही है ताकि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे।
89 लाख की विकास योजनाओं का लोकार्पण
“ युवाओं और विद्यार्थियों को मिलेगा बड़ा लाभ



